त्योहारों से पहले सोहागपुर में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 5 किलो मावा कराया नष्ट
त्योहारों से पहले सोहागपुर में राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई। पांच मिठाई प्रतिष्ठानों से नमूने लिए, 5 किलो मावा नष्ट कराया।


सोहागपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने सोहागपुर में विभिन्न मिठाई दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान 5 किलो मावा नष्ट कराया गया, वहीं साफ-सफाई में कमी मिलने पर एक प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।
पांच मिठाई प्रतिष्ठानों से लिए नमूने
जांच के दौरान बीकानेर मिष्ठान भंडार के कारखाने से मावा और मावा बर्फी के नमूने लिए गए। यहां साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।
इसी तरह कमानी गेट स्थित सपना स्वीट्स से मावा का नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान यहां 5 किलो मावे का विनष्टीकरण कराया गया। इसके अलावा अंजलि स्वीट्स से लड्डू एवं मिठाई, दुबे स्वीट्स से गुजिया और कलाकंद तथा मेघा स्वीट्स से मावा पेड़ा एवं दूध मावा बर्फी के नमूने एकत्रित किए गए।
भोपाल प्रयोगशाला भेजे जाएंगे नमूने
संयुक्त जांच दल में एसडीएम श्रीमती बबीता राठौर, तहसीलदार शक्ति सिंह, नायब तहसीलदार राम सिपाही मरावी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा शामिल रहे।
टीम ने सभी स्थायी मिठाई निर्माताओं और प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। जांच के दौरान लिए गए सभी नमूने परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ ही खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

