लोक सेवा गारंटी अधिनियम और सीएम हेल्पलाइन के प्रभावी निराकरण के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
सेवोत्तम प्रशिक्षण में अधिकारियों-कर्मचारियों को दी गई शिकायतों के त्वरित निराकरण और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की जानकारी


नर्मदापुरम। नागरिकों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने और सरकारी विभागों में शिकायतों के प्रभावी निराकरण की व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला स्तरीय सेवोत्तम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कलेक्टर के निर्देश पर 29 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर कार्यालय स्थित जनसुनवाई कक्ष में आयोजित इस एक दिवसीय प्रशिक्षण में अधिकारियों और कर्मचारियों को लोक सेवा गारंटी अधिनियम, सीएम हेल्पलाइन और शिकायत निवारण की प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (DARP) तथा आरसीवीपी नरोन्हा अकादमी, भोपाल के सहयोग से सेवोत्तम प्रकोष्ठ के अंतर्गत यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रबंधक लोक सेवा आनंद झेरवार ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010, समाधान एक दिवस सेवाओं और CPGRAM शिकायत निवारण प्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल की कार्यप्रणाली, शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया और ग्रेडिंग पैरामीटर के बारे में बताया। साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम की प्रमुख विशेषताओं, लोक सेवा केंद्रों की कार्यप्रणाली और समाधान एक दिवस योजना की रूपरेखा पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

विभिन्न विभागों के अधिकारी हुए शामिल
प्रशिक्षण में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र, जिला पेंशन अधिकारी सहित सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक और जिले की विभिन्न नोडल बैंक शाखाओं के प्रबंधक शामिल हुए। इसके अलावा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी सहभागिता की।
प्रशिक्षण का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक केंद्रित बनाना तथा आमजन की शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करना रहा।

