शिवराज सिंह चौहान की माताजी के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक, अंतिम यात्रा में हुए शामिल
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशीबाई के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्राम जैत पहुंचे और अंतिम यात्रा में शामिल होकर श्रद्धांजलि दी।


जैत। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी स्वर्गीय काशीबाई के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को उनके पैतृक गांव जैत पहुंचे। यहां उन्होंने स्वर्गीय काशीबाई के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अंतिम यात्रा में शामिल होकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने काशीबाई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
स्वर्गीय काशीबाई का शुक्रवार को भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल रहा। बाद में उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव जैत लाया गया, जहां पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
कई जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
स्वर्गीय काशीबाई की अंतिम यात्रा में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
इसके अलावा विधायक रमाकांत भार्गव, सुदेश राय, रामेश्वर शर्मा और सुरेंद्र पटवा ने भी ग्राम जैत पहुंचकर स्वर्गीय काशीबाई को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शिवराज सिंह चौहान और उनके परिजनों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी रही। सभी ने दिवंगत काशीबाई को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान किया।
