करवाचौथ की रात पति की लंबी उम्र के लिए रखा व्रत, सुबह घर में फंदे पर मिली 42 वर्षीय महिला
भोपाल के बिलखिरिया थाना क्षेत्र के जमुनिया कला गांव में 42 वर्षीय अनीता मैथिल घर में मृत मिलीं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।


भोपाल। करवाचौथ के व्रत की तैयारी और परिवार के साथ रात बिताने के बाद सुबह घर में ऐसा मंजर सामने आया, जिसने सभी को झकझोर दिया। पति की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखने की बात कहकर सोई 42 वर्षीय महिला गुरुवार सुबह घर में फंदे पर लटकी मिली। बेटी ने मां को इस हालत में देखा तो उसके होश उड़ गए। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। घटना बिलखिरिया थाना क्षेत्र के जमुनिया कला गांव की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
रात में करवाचौथ का व्रत रखने की कही थी बात
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान अनीता मैथिल (42), पत्नी मोहन मैथिल के रूप में हुई है। उनके पति खेती-किसानी करते हैं, जबकि अनीता गृहिणी थीं। दंपती के तीन बेटियां और एक बेटा है।
मृतका के भतीजे विशाल ने पुलिस को बताया कि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात अनीता ने करवाचौथ का व्रत रखने की बात कही थी। इसके बाद वह सोने चली गई थीं। गुरुवार सुबह करीब सात बजे उनकी बेटी ने मां को घर में फंदे पर लटका देखा। बेटी की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। घटना के बाद घर में मातम छा गया।
तीन महीने से चल रहा था इलाज
परिजनों के मुताबिक, अनीता की मानसिक स्थिति पिछले करीब तीन महीने से ठीक नहीं थी और उनका इलाज भी चल रहा था। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलने पर बिलखिरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है।
फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
