भोपाल में आवारा कुत्ते से बचने की कोशिश में स्कूटी सवार युवक की मौत, 20 दिन तक अस्पताल में चला इलाज
भोपाल के अवधपुरी में आवारा कुत्ते से बचने के प्रयास में स्कूटी सवार 27 वर्षीय रवदीप सिंह घायल हो गए थे। 20 दिन इलाज के बाद उनकी मौत हो गई।


भोपाल। शहर में आवारा कुत्तों की समस्या अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। अवधपुरी इलाके में एक आवारा कुत्ते से बचने की कोशिश 27 वर्षीय युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। कुत्ते के पीछे दौड़ने से घबराकर युवक ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ाई, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। करीब 20 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद बुधवार को उसकी मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर शहर में आवारा कुत्तों की समस्या और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कुत्ते के पीछे दौड़ने से घबराया युवक, तिराहे पर हुआ हादसा
अवधपुरी पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 27 वर्षीय रवदीप सिंह के रूप में हुई है। वह सुरभि एवेन्यू में अपने परिवार के साथ रहता था। नौ अक्टूबर की सुबह करीब 7:30 बजे वह स्कूटी से भेल की ओर जा रहा था। कॉलोनी से निकलकर मुख्य अवधपुरी रोड पर पहुंचते ही एक आवारा कुत्ता उसके पीछे दौड़ने लगा।
कुत्ते से बचने के लिए रवदीप ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान अवधपुरी तिराहे पर एसबीआई बैंक के सामने उसका वाहन से संतुलन बिगड़ गया। वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
20 दिन तक चला इलाज, बुधवार को तोड़ा दम
हादसे के बाद रवदीप को उपचार के लिए अरेरा कॉलोनी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसका लगातार इलाज चल रहा था। करीब 20 दिनों तक चले उपचार के बाद बुधवार को नर्मदा अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
रवदीप डीजे संचालन के साथ म्यूजिक स्टूडियो का काम भी करता था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता भेल से सेवानिवृत्त हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
आवारा कुत्तों की समस्या पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने भोपाल में आवारा कुत्तों की समस्या को एक बार फिर गंभीर बहस के केंद्र में ला दिया है। शहर की सड़कों और रिहायशी कॉलोनियों में घूमने वाले आवारा कुत्तों के अचानक वाहन चालकों के पीछे दौड़ने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
सवाल यह है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जिम्मेदार एजेंसियां कब ठोस कदम उठाएंगी? क्या आवारा कुत्तों के प्रबंधन और नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाएगी? फिलहाल अवधपुरी पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक जांच कर रही है।
