1 नवंबर को मनाया जाएगा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस, पुलिस परेड ग्राउंड में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवंबर को नर्मदापुरम के पुलिस परेड ग्राउंड में मनाया जाएगा। मुख्य अतिथि ध्वजारोहण करेंगे। स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण होगा।


नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस 1 नवंबर को जिलेभर में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा। इस अवसर पर नर्मदापुरम के पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान और मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कार्यक्रम के सफल एवं सुचारु आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए बच्चों को मिलेगा पुरस्कार
बैठक में बताया गया कि ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बाद स्कूली विद्यार्थियों द्वारा मध्यप्रदेश गान का गायन किया जाएगा। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों को उचित पुरस्कार भी वितरित किए जाएं, ताकि उनका उत्साहवर्धन हो सके।
अधिकारियों को सौंपी गई आयोजन की जिम्मेदारी
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थापना दिवस कार्यक्रम के लिए सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश का गठन 1 नवंबर 1956 को हुआ था। इसी उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 1 नवंबर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस मनाया जाता है।
