नर्मदापुरम-टिमरनी सड़क निर्माण का एमपीआरडीसी प्रबंध संचालक ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर
एमपीआरडीसी प्रबंध संचालक भरत यादव ने नर्मदापुरम-टिमरनी सड़क निर्माण का निरीक्षण किया। अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।


नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग के निर्माण कार्य की प्रगति जांचने के लिए मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के प्रबंध संचालक भरत यादव शुक्रवार को निर्माण स्थल पहुंचे। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान भरत यादव ने निर्माण स्थल पर कार्ययोजना, नक्शे और ड्राइंग-डिजाइन का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, इंजीनियरों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति तथा तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो।
तकनीकी मानकों के पालन पर विशेष जोर
एमपीआरडीसी प्रबंध संचालक ने कहा कि निर्माण कार्य में सभी तकनीकी मापदंडों का ध्यान रखा जाए। कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की गति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
आवागमन होगा सुगम और सुरक्षित
भरत यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम का उद्देश्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत कर आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग का निर्माण पूरा होने से दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। इससे क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में राहत मिलेगी और सड़क संपर्क बेहतर होगा।
निरीक्षण के दौरान एमपीआरडीसी के स्थानीय वरिष्ठ अधिकारी, विभागीय इंजीनियर और निर्माण एजेंसी के तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
