त्विषा शर्मा मौत मामला: भोपाल से दिल्ली ट्रायल कराने के पक्ष में CBI, सुप्रीम कोर्ट में बताई गवाहों के प्रभावित होने की आशंका
त्विषा शर्मा मौत मामले में CBI ने सुप्रीम कोर्ट में भोपाल से दिल्ली सुनवाई स्थानांतरित करने का समर्थन किया। गवाहों के प्रभावित होने की आशंका जताई।


भोपाल। राजधानी भोपाल के चर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले में अब सुनवाई का स्थान बदलने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट में कानूनी लड़ाई तेज हो गई है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने सुप्रीम कोर्ट में अपना जवाब दाखिल करते हुए मामले की सुनवाई भोपाल से दिल्ली स्थानांतरित करने का समर्थन किया है। एजेंसी ने आशंका जताई है कि मामले की आरोपी और त्विषा की सास पूर्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह तथा उनके वकील बेटे समर्थ सिंह भोपाल में अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए मुकदमे को दिल्ली स्थानांतरित करना उचित होगा।
CBI की ओर से पुलिस अधीक्षक राजबीर सिंह ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में जवाब दाखिल किया। इसमें गिरिबाला सिंह के पूर्व न्यायिक पद और उनके बेटे की भोपाल में वकालत का उल्लेख किया गया है। एजेंसी के अनुसार, गिरिबाला सिंह भोपाल जिला न्यायालय में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रह चुकी हैं। घटना के समय वह भोपाल जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष थीं। वहीं, उनके बेटे समर्थ सिंह भोपाल में वकालत करते हैं।
CBI का मानना है कि इन परिस्थितियों में भोपाल में मुकदमे की सुनवाई के दौरान गवाहों पर प्रभाव पड़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर एजेंसी ने मामले को दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग का समर्थन किया है।
पिता ने पहले ही उठाए थे निष्पक्ष सुनवाई पर सवाल
त्विषा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने मामले की निष्पक्ष सुनवाई को लेकर पहले ही सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। उन्होंने याचिका में मांग की थी कि मुकदमे की सुनवाई भोपाल के बजाय दिल्ली में कराई जाए।
उनका तर्क था कि भोपाल में कई न्यायिक, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आरोपियों के परिचित या पारिवारिक मित्र हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष सुनवाई प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
सुप्रीम कोर्ट ने 16 अक्टूबर को याचिका पर सुनवाई करते हुए CBI से जवाब मांगा था। अब एजेंसी ने अपने जवाब में गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका का उल्लेख करते हुए दिल्ली में सुनवाई कराने का समर्थन किया है।
ब्यूटी पार्लर के CCTV फुटेज का भी किया उल्लेख
CBI ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल जवाब में जांच से जुड़े एक अन्य घटनाक्रम का भी जिक्र किया है। एजेंसी के अनुसार, गिरिबाला सिंह ने अपने लोगों को एक्सप्रेशन ब्यूटी पार्लर भेजकर 12 मई को त्विषा के वहां आने-जाने से संबंधित CCTV फुटेज प्राप्त किए थे।
CBI ने इस घटनाक्रम को भी अपनी दलीलों के संदर्भ में रखा है। एजेंसी का कहना है कि मामले की परिस्थितियों को देखते हुए सुनवाई का स्थान बदलना उचित होगा।
12 मई को ससुराल में हुई थी त्विषा की मौत
उल्लेखनीय है कि त्विषा शर्मा की 12 मई 2026 की रात भोपाल के बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित ससुराल में मौत हुई थी। मामले में दहेज प्रताड़ना समेत अन्य आरोपों के तहत कटारा हिल्स थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
बाद में 25 मई 2026 को CBI ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली थी। जांच पूरी करने के बाद एजेंसी ने 17 अगस्त को गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया था।
अब सुप्रीम कोर्ट में इस बात पर विचार होना है कि मामले की सुनवाई भोपाल में जारी रहेगी या इसे दिल्ली स्थानांतरित किया जाएगा। सुनवाई का स्थान बदलने पर अंतिम फैसला सुप्रीम कोर्ट को करना है।

