ब्रेकिंग
शनिवार, 19 सितंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
माखननगर · 12 मिनट पहले

शैक्षिक संवाद में ‘सीखने के लिए आकलन’ पर शिक्षकों को मिला मार्गदर्शन

बंशीखैरी में जनशिक्षा केंद्र तालकेसरी के तहत कक्षा 3 से 5 के शिक्षकों के लिए शैक्षिक संवाद आयोजित हुआ। ‘सीखने के लिए आकलन’ पर शिक्षकों को मार्गदर्शन दिया गया।

कंचन शर्मा
कंचन शर्मा
Reporter · 12 मिनट पहले
शेयर
शैक्षिक संवाद में ‘सीखने के लिए आकलन’ पर शिक्षकों को मिला मार्गदर्शन

माखननगर। शासकीय प्राथमिक शाला बंशीखैरी में जनशिक्षा केंद्र तालकेसरी के अंतर्गत कक्षा 3 से 5 तक अध्यापन कराने वाले शिक्षकों के लिए शैक्षिक संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘सीखने के लिए आकलन’ रहा, जिसमें विद्यार्थियों की सीखने की प्रगति को समझने तथा आकलन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

शैक्षिक संवाद के दौरान शिक्षकों को बताया गया कि आकलन का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की उपलब्धियों को मापना नहीं, बल्कि उनकी सीखने की प्रक्रिया को समझकर आवश्यकतानुसार शिक्षण में सुधार करना भी है। विद्यार्थियों की सीखने की स्थिति की निरंतर जानकारी प्राप्त कर कमजोर क्षेत्रों की पहचान और उन्हें दूर करने के लिए प्रभावी शिक्षण रणनीतियां अपनाने पर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम में नोडल जनशिक्षक लक्ष्मण सिंह इरपाचे, सहयोगी जनशिक्षक डॉ. अमजद खान, सहजकर्ता नीलेश भट्ट एवं सहयोगी शिक्षक बृजेश रघुवंशी ने सहभागिता करते हुए शिक्षकों को मार्गदर्शन प्रदान किया।

संवाद के दौरान शिक्षकों ने सीखने के लिए आकलन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा कक्षा शिक्षण में आकलन की भूमिका को लेकर अपने अनुभव भी साझा किए। इस प्रकार के शैक्षिक संवादों के माध्यम से शिक्षकों को विद्यार्थियों की सीखने की जरूरतों के अनुरूप शिक्षण प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने में सहयोग मिलने की बात कही गई।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहभागिता एवं सहयोग के लिए प्रभारी प्रधान पाठक राजेंद्र कुमार मिश्रा ने सभी जनशिक्षकों, सहजकर्ता एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह खबर शेयर करें
शेयर