माखननगर पुलिस की 4 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई ; 12 को नोटिस
नदी और दुर्गम स्थानों पर जुआ संचालित करने वालों पर पुलिस की नजर, एक नाव जब्त; संवेदनशील क्षेत्रों में फिक्स पॉइंट तैनात


माखननगर। नर्मदापुरम जिले के माखननगर थाना क्षेत्र और सीहोर जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र से लगे सीमावर्ती इलाकों में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने जुआ गतिविधियों के संचालन से जुड़े बताए गए चार व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। वहीं, जुआ संचालकों के सहयोगियों और परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने वाले लोगों सहित कुल 12 व्यक्तियों को नोटिस तामील किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान एक नाव जब्त कर थाना शाहगंज में रखी गई है।
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्ण एस. थोटा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और एसडीओपी सोहागपुर अरविंद शाह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी माखननगर निरीक्षक कंचन सिंह एवं पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है।
चार व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, अवैध जुआ गतिविधियों के संचालन से जुड़े पलटा उर्फ वीरेंद्र, बुद्धा मीना, विनीत गोस्वामी और सतीश अहिरवार के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है।

जुआरियों को सहयोग नहीं करने की हिदायत, 12 को नोटिस
पुलिस ने जुआ गतिविधियों में कथित रूप से सहयोग करने वाले व्यक्तियों और आवागमन के लिए साधन उपलब्ध कराने वालों को चिह्नित किया है। इनमें माखननगर और शाहगंज थाना क्षेत्रों के कुछ व्यक्ति तथा नसीराबाद क्षेत्र के नाव और ट्रैक्टर मालिक शामिल हैं।
पुलिस द्वारा कुल 12 व्यक्तियों को नोटिस तामील किए गए या चस्पा किए गए हैं। इनमें कुछ ऐसे व्यक्ति भी हैं, जिनके घर पर संबंधित व्यक्ति के नहीं मिलने पर उनके परिजनों को नोटिस दिया गया, जबकि एक व्यक्ति के घर पर नोटिस चस्पा किया गया। नाव और ट्रैक्टर मालिकों को जुआ गतिविधियों में किसी भी तरह का सहयोग नहीं करने की हिदायत दी गई है।
एक नाव जब्त, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई
पुलिस के मुताबिक, अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल की गई एक नाव जब्त कर थाना शाहगंज में रखी गई है। इसके अलावा नसीराबाद और सीमावर्ती संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए फिक्स पॉइंट तैनात किए जा रहे हैं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके।
नदी और दुर्गम स्थानों पर जुआ संचालित करने की आशंका
पुलिस को जानकारी मिली है कि कुछ कथित जुआ संचालक कार्रवाई से बचने के लिए नदी किनारे और दुर्गम स्थानों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे स्थानों तक पहुंचने के लिए नाव और ट्रैक्टर का उपयोग किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि इन इलाकों में दबिश के दौरान दुर्घटना और जनहानि की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए पुलिस टीम विशेष सतर्कता बरत रही है।
वर्ष 2026 में जुए के 16 अपराध दर्ज
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक थाना माखननगर क्षेत्र में जुए से संबंधित कुल 16 अपराध पंजीबद्ध किए जा चुके हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ संचालन, संरक्षण देने या परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कहा है कि अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।
