सिवनी मालवा रोजगार मेले में 274 युवाओं को मिला रोजगार और स्वरोजगार का लाभ, 24 कंपनियों ने किया चयन

नर्मदापुरम | जिले के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिवनी मालवा स्थित शासकीय कुसुम स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार एवं स्वरोजगार मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मेले में कुल 274 युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ मिला, जबकि 270 अभ्यर्थियों का विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा प्रारंभिक चयन किया गया।

कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश और मेला प्रभारी डिप्टी कलेक्टर डॉ. बबीता राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित इस रोजगार मेले का शुभारंभ एसडीएम विजय राय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया।

एसडीएम विजय राय ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं और उद्योगों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजन न केवल बेरोजगारी कम करने में सहायक होते हैं, बल्कि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने और कौशल विकास को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार रघुवंशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रोजगार मेला केवल नौकरी पाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने सपनों को साकार करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का मंच है। वहीं कार्यक्रम प्रभारी डॉ. ए.के. यादव एवं स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. नवनीत कुमार सोनारे ने युवाओं से उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

जिला रोजगार अधिकारी श्याम कुमार धुर्वे ने विभिन्न रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। प्लेसमेंट ऑफिसर धर्मेश तिवारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए संबंधित कंपनियां व्यक्तिगत रूप से सूचना देंगी।

375 युवाओं ने कराया पंजीयन

रोजगार मेले में 375 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया, जबकि 24 निजी कंपनियों और 5 शासकीय विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। विभिन्न कंपनियों ने साक्षात्कार एवं दस्तावेज सत्यापन के बाद 270 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया।

इसके अलावा स्वरोजगार योजनाओं के तहत 4 हितग्राहियों को तत्काल 3.90 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इस प्रकार कुल 274 युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार का लाभ मिला।

स्वास्थ्य परीक्षण और करियर काउंसिलिंग भी हुई

मेले के दौरान 102 छात्र-छात्राओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही 160 विद्यार्थियों को करियर काउंसिलिंग देकर रोजगार के नए अवसरों और करियर विकल्पों की जानकारी दी गई।

इन प्रमुख कंपनियों ने लिया हिस्सा

रोजगार मेले में भारत फोर्ज, केआईएमएल, फोर्स मोटर्स, स्टार इंजीनियर्स, वर्टिव कंपनी, ग्रू एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड (मोहसा औद्योगिक क्षेत्र), ट्राइडेट बुधनी, वर्धमान बुधनी, पांडव होटल्स, आयशर मैन्युफैक्चरर्स प्राइवेट लिमिटेड सहित कुल 24 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं के साक्षात्कार लिए।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!