ब्रेकिंग
शनिवार, 21 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
लखनऊ · 20 मिनट पहले

राहुल गांधी पर पंकज चौधरी का तीखा हमला, बोले- ‘पाकिस्तान की कटोरा कूटनीति’ पसंद है युवराज को

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज, राहुल गांधी को बताया ‘कंप्रोमाइज्ड’; भारत को साइड प्लेयर बताने वाले बयान पर बीजेपी ने घेरा

दीपक शर्मा
दीपक शर्मा
Editor-in-Chief · 20 मिनट पहले
शेयर
राहुल गांधी पर पंकज चौधरी का तीखा हमला, बोले- ‘पाकिस्तान की कटोरा कूटनीति’ पसंद है युवराज को

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी पर पाकिस्तान के पक्ष में बयान देने का आरोप लगाते हुए उन्हें ‘कंप्रोमाइज्ड’ करार दिया। पंकज चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि युवराज को पाकिस्तान की ‘कटोरा कूटनीति’ अच्छी लगती है, लेकिन भारत जब दुनिया का नेतृत्व करता है तो उन्हें यह पसंद नहीं आता।

पाकिस्तान के प्रति कांग्रेस का प्रेम फिर उजागर: पंकज चौधरी

पंकज चौधरी ने शुक्रवार (20 नवंबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि कंप्रोमाइज्ड इंडी गठबंधन का पाकिस्तान प्रेम एक बार फिर उजागर हो गया है। युवराज को भारत में तबाही दिखाई देती है और पाकिस्तान में कामयाबी नजर आती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिस मंच से भारत की आलोचना की गई, उसी मंच से पाकिस्तान के सम्मान में ढोल पीटे जा रहे हैं। चौधरी ने सवाल उठाया कि पूरी दुनिया में आलोचना झेल रहे पाकिस्तान की पीठ थपथपाने के लिए भारत को साइड प्लेयर बताने की जरूरत आखिर क्यों पड़ रही है?

‘भारत के हितों की जगह पाकिस्तान का पक्ष क्यों?’

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने अपने बयान में आगे कहा कि राहुल गांधी को पाकिस्तान की ‘कटोरा कूटनीति’ पसंद है, जबकि भारत का वैश्विक नेतृत्व उन्हें अच्छा नहीं लगता। उन्होंने सवाल किया कि भारत के हितों की पैरवी करने के बजाय पाकिस्तान का पक्षकार बनने की मजबूरी क्या है?

पंकज चौधरी ने राहुल गांधी को ‘कंप्रोमाइज्ड’ बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधा और कहा कि पार्टी पिछले 20 वर्षों से ऐसे नेता को ढो रही है।

राहुल गांधी ने भारत को बताया था ‘साइड प्लेयर’

दरअसल, यह पूरा विवाद राहुल गांधी के उस बयान के बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने वैश्विक भू-राजनीति में भारत की भूमिका को ‘साइड प्लेयर’ बताया था। राहुल गांधी ने अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा था कि अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत की स्वतंत्र रूप से प्रभाव डालने की क्षमता धीरे-धीरे कम हो रही है।

उन्होंने पाकिस्तान का उदाहरण देते हुए कहा था कि वह अमेरिका और ईरान सहित प्रमुख वैश्विक ताकतों के साथ अपने संबंधों के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि भारत की विदेश नीति की पारंपरिक पहचान स्वतंत्र दृष्टिकोण और रणनीतिक साझेदारियों के बीच संतुलन बनाए रखने की रही है।

चुनाव से पहले तेज हो सकती है सियासी बयानबाजी

राहुल गांधी के इस बयान और पंकज चौधरी के पलटवार के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का नया दौर शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राष्ट्रीय मुद्दों, विदेश नीति और पाकिस्तान के संदर्भ में नेताओं के बयान सियासी चर्चा का विषय बन सकते हैं।

यह खबर शेयर करें
शेयर