Balcony Cleaning Tips: बालकनी की गंदी रेलिंग और जिद्दी दाग मिनटों में होंगे साफ, अपनाएं ये 3 आसान घरेलू उपाय
बालकनी की गंदी रेलिंग, जिद्दी दाग और पानी के निशान साफ करने के लिए अपनाएं बेकिंग सोडा, साबुन और सफेद सिरके के ये 3 आसान घरेलू उपाय।


शहरों में ज्यादातर घरों में रोजाना झाड़ू और पोछा लगाया जाता है, लेकिन घर की बालकनी अक्सर साफ-सफाई के दौरान नजरअंदाज हो जाती है। धूल-मिट्टी, बारिश के पानी के निशान और कबूतरों की गंदगी के कारण बालकनी की रेलिंग और फर्श गंदे हो जाते हैं। कई बार इन पर जिद्दी दाग भी जम जाते हैं, जिन्हें साफ करने में काफी मेहनत करनी पड़ती है।
अगर आपके घर की बालकनी भी गंदी हो गई है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से आप बिना ज्यादा मेहनत किए बालकनी की रेलिंग को साफ और चमकदार बना सकते हैं। इसके लिए बेकिंग सोडा, बर्तन धोने वाला लिक्विड और सफेद सिरका जैसी चीजें काम आ सकती हैं। आइए जानते हैं बालकनी की रेलिंग साफ करने के तीन आसान तरीके।
1. बेकिंग सोडा और साबुन से हटाएं जिद्दी दाग
अगर आपके घर की बालकनी में स्टील की रेलिंग लगी है तो उसकी सफाई के लिए बेकिंग सोडा और बर्तन धोने वाले लिक्विड का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए थोड़े से बेकिंग सोडा में बर्तन धोने वाला लिक्विड मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। अब इसे रेलिंग पर लगे दागों पर लगाएं और कुछ मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद मुलायम स्पंज या कपड़े से हल्के हाथों से साफ करें और पानी से पोंछ दें। इससे जमा हुई गंदगी और दाग हटाने में मदद मिल सकती है।
2. गुनगुने पानी से साफ करें तेल के निशान
बालकनी की रेलिंग पर अगर तेल या चिपचिपी गंदगी जम गई है तो गुनगुने पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक बर्तन में गुनगुना पानी लें और उसमें थोड़ा सा बर्तन धोने वाला साबुन मिला दें। अब इस घोल को स्पंज या मुलायम कपड़े की मदद से रेलिंग पर लगाएं। कुछ देर सफाई करने के बाद साफ पानी से रेलिंग को पोंछ लें। आखिर में सूखे कपड़े से इसे अच्छी तरह साफ कर दें।
3. सफेद सिरके से हटाएं पानी के दाग
सफेद सिरका भी घर की साफ-सफाई में उपयोगी माना जाता है। बालकनी की रेलिंग पर पानी के निशान और उंगलियों के दाग हटाने के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए एक कप पानी में एक कप सफेद सिरका मिलाकर स्प्रे बोतल में भर लें। अब इस मिश्रण को रेलिंग पर छिड़कें और करीब 5 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद मुलायम कपड़े से रेलिंग को पोंछ लें। इससे पानी के निशान और हल्की गंदगी साफ करने में मदद मिल सकती है।
सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान
सफाई शुरू करने से पहले रेलिंग पर जमी धूल को सूखे कपड़े या मुलायम झाड़ू से हटा लें।
स्टील की रेलिंग को साफ करने के लिए ज्यादा खुरदरे स्क्रबर का इस्तेमाल न करें।
सिरके का इस्तेमाल करने से पहले रेलिंग के किसी छोटे और छिपे हुए हिस्से पर जांच कर लें।
संगमरमर, प्राकृतिक पत्थर और कुछ खास धातुओं पर सिरके का इस्तेमाल न करें।
कबूतरों की बीट साफ करते समय सूखी गंदगी को झाड़कर हवा में न उड़ाएं। दस्ताने पहनें, पहले उसे गीला करें और फिर सावधानी से साफ करें।
इन आसान घरेलू उपायों को अपनाकर आप अपनी बालकनी की रेलिंग को साफ-सुथरा रख सकते हैं। नियमित सफाई करने से गंदगी ज्यादा जमा नहीं होगी और बालकनी भी घर के बाकी हिस्सों की तरह साफ दिखाई देगी।

