पेट्रोल में 20% से ज्यादा एथनॉल मिलाने का शक, केरलम ने केंद्र से मांगा बिना एथनॉल वाला पेट्रोल
पेट्रोल में निर्धारित 20% से ज्यादा एथनॉल मिलाने की आशंका पर केरलम सरकार ने जांच शुरू की। केंद्र से 100% एथनॉल-मुक्त पेट्रोल के नमूने मांगे।


वनंतपुरम। पेट्रोल में एथनॉल की मिलावट को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष शासित राज्यों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। कर्नाटक के बाद अब केरलम सरकार ने भी पेट्रोल की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच शुरू कर दी है। राज्य सरकार ने केंद्र से 100 प्रतिशत एथनॉल-मुक्त पेट्रोल के नमूने उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पेट्रोल पंपों पर बिक रहे ईंधन में निर्धारित 20 प्रतिशत की सीमा से अधिक एथनॉल तो नहीं मिलाया जा रहा है।
केरलम के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री अनूप जैकब ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने तेल कंपनियों को एथनॉल-मुक्त पेट्रोल के नमूने उपलब्ध कराने के निर्देश देने का अनुरोध किया है।
कर्नाटक के आरोपों के बाद केरलम में जांच शुरू
केरलम के नागरिक आपूर्ति विभाग ने इसी महीने की शुरुआत में सरकारी तेल कंपनियों के पेट्रोल पंपों से ईंधन के नमूने एकत्र किए थे। इन नमूनों को क्षेत्रीय रासायनिक प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजा गया है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि राज्य में बिकने वाले पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक तो नहीं है।
इससे पहले कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने भी पेट्रोल में निर्धारित सीमा से ज्यादा एथनॉल मिलाए जाने का आरोप लगाया था। कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रिजवान अरशद के अनुसार, एक निजी प्रयोगशाला में कराई गई जांच में इंडियन ऑयल के पेट्रोल में 31.2 प्रतिशत और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल में 30.5 प्रतिशत एथनॉल पाया गया था।
हालांकि, केंद्र सरकार और संबंधित सरकारी तेल कंपनियों ने इन दावों को खारिज कर दिया था। उन्होंने नमूने एकत्र करने और उनकी जांच की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे।
तेल कंपनियों ने नमूने देने से किया इनकार
केरलम के मंत्री अनूप जैकब ने अपने पत्र में बताया कि राज्य की रासायनिक परीक्षक प्रयोगशालाओं को पेट्रोल के नमूनों की सही जांच और तुलना के लिए 100 प्रतिशत एथनॉल-मुक्त पेट्रोल की आवश्यकता है। ऐसे नमूने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन जैसी तेल कंपनियों के पास उपलब्ध हैं।
मंत्री के मुताबिक, तेल कंपनियों ने शुरुआत में नमूने उपलब्ध कराने पर सहमति जताई थी, लेकिन बाद में इससे पीछे हट गईं। राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से कई बार प्रयास किए जाने के बावजूद कंपनियों ने नमूने देने से इनकार कर दिया।
इसके बाद अनूप जैकब ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से हस्तक्षेप कर तेल कंपनियों को जरूरी नमूने उपलब्ध कराने के निर्देश देने की मांग की है।
E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र और राज्यों में टकराव
भारत में पेट्रोल में अधिकतम 20 प्रतिशत तक एथनॉल मिलाने की व्यवस्था को E20 के नाम से जाना जाता है। केंद्र सरकार का कहना है कि इस ईंधन को व्यापक शोध और ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) की मंजूरी के बाद लागू किया गया है।
वहीं, कुछ विपक्ष शासित राज्य सरकारों ने पेट्रोल में निर्धारित सीमा से अधिक एथनॉल मिलाए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि ईंधन की गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं की चिंताओं और वाहनों के इंजन पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सके।
पिछले सप्ताह केंद्रीय पेट्रोलियम राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने E20 ईंधन को लेकर उठाए जा रहे सवालों को खारिज करते हुए कहा था कि एथनॉल ब्लेंडिंग पर सवाल उठाने वाले लोगों को विज्ञान की पर्याप्त जानकारी नहीं है।
जांच में गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई
केरलम सरकार ने स्पष्ट किया है कि जांच का उद्देश्य तेल कंपनियों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना नहीं, बल्कि पेट्रोल की गुणवत्ता की पुष्टि करना है। राज्य सरकार का कहना है कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप ईंधन मिलना चाहिए।
मंत्री अनूप जैकब ने चेतावनी दी है कि यदि जांच में पेट्रोल के भीतर निर्धारित सीमा से अधिक एथनॉल मिलाए जाने की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार तेल कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब इस मामले में केंद्र सरकार और तेल कंपनियों के रुख पर सभी की नजरें टिकी हैं।
