तवा पुल और आंचलखेड़ा के बीच यात्रियों से भरी बस पलटी, 12 घायल
बालाघाट से भोपाल जा रही यात्रियों से भरी बस तवा पुल और आंचलखेड़ा के बीच पलटी। हादसे में करीब 12 यात्री घायल हुए, सभी को जिला नर्मदापुरम अस्पताल भेजा गया।


माखन नगर। बालाघाट से भोपाल जा रही यात्रियों से भरी एक बस रविवार सुबह तवा पुल और आंचलखेड़ा के बीच अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 12 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला नर्मदापुरम अस्पताल भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 6:15 बजे हुआ। बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। तवा पुल से आंचलखेड़ा के बीच बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
समय मिलाने के चक्कर में तेज रफ्तार से चलाने की बात
माखननगर थाना प्रभारी कंचन ठाकुर के अनुसार, यात्रियों से पूछताछ में प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि बस चालक समय मिलाने के चक्कर में बस को तेज गति से चला रहा था। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में करीब 12 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को बेहतर एवं उचित उपचार के लिए जिला नर्मदापुरम अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही माखननगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा यात्रियों से पूछताछ सहित हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। माखननगर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
