ब्रेकिंग
मंगलवार, 24 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
लाइफस्टाइल · 2 मिनट पहले

गोभी कटलेट रेसिपी: शाम की चाय के साथ बनाएं क्रिस्पी और चटपटे कटलेट

शाम की भूख के लिए घर पर बनाएं स्वादिष्ट गोभी कटलेट। जानिए फूलगोभी, आलू और मसालों से क्रिस्पी कटलेट बनाने की आसान रेसिपी।

कंचन शर्मा
कंचन शर्मा
Reporter · 2 मिनट पहले
शेयर
गोभी कटलेट रेसिपी: शाम की चाय के साथ बनाएं क्रिस्पी और चटपटे कटलेट

शाम के समय हल्की भूख लगने पर अक्सर कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन करता है। ऐसे में अगर आप रोजाना के समोसे, पकौड़े और नमकीन से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो गोभी कटलेट एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। फूलगोभी, आलू और कुछ मसालों से तैयार होने वाली यह रेसिपी स्वाद में लाजवाब होने के साथ बनाने में भी बेहद आसान है।

खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। आप इसे कम तेल में तवे पर सेंककर भी तैयार कर सकते हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को इसका चटपटा स्वाद पसंद आ सकता है। आइए जानते हैं घर पर आसानी से गोभी कटलेट बनाने की रेसिपी।

गोभी कटलेट बनाने के लिए सामग्री

फूलगोभी – 1 मध्यम आकार की

आलू – 1 मध्यम आकार का

प्याज – 1 बारीक कटा हुआ

हरी मिर्च – 1 बारीक कटी हुई

अजवाइन – आधा छोटा चम्मच

हल्दी पाउडर – 1 चुटकी

चिली फ्लेक्स – आधा छोटा चम्मच

बेसन – 2 बड़े चम्मच

चावल का आटा – 2 बड़े चम्मच

हरा धनिया – आधा कप बारीक कटा हुआ

नमक – स्वादानुसार

तेल – आवश्यकतानुसार

गोभी कटलेट बनाने की आसान विधि

पहला स्टेप: गोभी को उबालकर कद्दूकस करें

सबसे पहले एक मध्यम आकार की फूलगोभी लें और उसे साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। अब गोभी को छोटे टुकड़ों में काटकर करीब 5 मिनट तक उबाल लें। इसके बाद पानी अच्छी तरह निकाल दें और गोभी को ठंडा होने दें। ठंडी होने पर इसे कद्दूकस कर लें।

दूसरा स्टेप: तैयार करें कटलेट का मिश्रण

अब एक बड़े बर्तन में कद्दूकस की हुई गोभी डालें। इसमें उबालकर मैश किया हुआ आलू, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अजवाइन, हल्दी, चिली फ्लेक्स, बेसन और चावल का आटा डालें। इसके बाद बारीक कटा हरा धनिया और स्वादानुसार नमक मिलाएं। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर एकसार मिश्रण तैयार कर लें।

तीसरा स्टेप: दें कटलेट का आकार

जब मिश्रण अच्छी तरह तैयार हो जाए, तो हाथों पर थोड़ा तेल लगाकर इसकी छोटी-छोटी लोइयां बना लें। अब इन्हें हथेलियों से दबाकर टिक्की या कटलेट का आकार दें। ध्यान रखें कि मिश्रण ज्यादा गीला न हो। अगर मिश्रण ढीला लगे तो थोड़ा बेसन या चावल का आटा मिला सकते हैं।

चौथा स्टेप: तवे पर सेंकें कटलेट

अब गैस पर एक भारी तले वाला पैन या तवा रखें। उस पर थोड़ा तेल लगाकर गर्म करें। इसके बाद तैयार कटलेट एक-एक करके तवे पर रखें। इन्हें मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें। जरूरत के अनुसार थोड़ा तेल डाल सकते हैं।

पांचवां स्टेप: गर्मागर्म करें सर्व

जब कटलेट दोनों तरफ से अच्छी तरह पक जाएं, तो इन्हें प्लेट में निकाल लें। आपके स्वादिष्ट और चटपटे गोभी कटलेट तैयार हैं। इन्हें हरी धनिया की चटनी, पुदीने की चटनी या टमाटर सॉस के साथ गर्मागर्म परोसें।

चाय के साथ शाम के नाश्ते के लिए है बेहतरीन विकल्प

गोभी कटलेट को आप शाम की चाय के साथ स्नैक्स के रूप में परोस सकते हैं। बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम ये कटलेट घर आए मेहमानों के लिए भी अच्छा नाश्ता साबित हो सकते हैं। अगली बार शाम को कुछ चटपटा खाने का मन हो, तो बाजार से स्नैक्स मंगाने के बजाय घर पर यह आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें।

यह खबर शेयर करें
शेयर