आजम खान बोले- मेरी जगह कोई और होता तो जिंदा नहीं बचता, हम मरेंगे लेकिन कुछ करके मरेंगे
सपा के घोषणा पत्र कार्यक्रम में छलका आजम खान का दर्द, बोले- सरकार ने बहुत जुल्म किए; 50 साल से समाजवादी पार्टी के साथ हूं


लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने एक बार फिर अपने बयान से उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है। लखनऊ में समाजवादी पार्टी के पीडीए घोषणा पत्र जारी करने के कार्यक्रम में पहुंचे आजम खान ने अपने राजनीतिक संघर्ष और मुश्किल दिनों को याद करते हुए कहा कि उनके ऊपर इतने जुल्म हुए हैं कि उनकी जगह कोई दूसरा व्यक्ति होता तो शायद जिंदा नहीं बचता। उन्होंने खुद को सख्त जान बताते हुए कहा कि तमाम मुश्किलों के बावजूद वह मजबूती से खड़े हैं।
आजम खान ने अपने संबोधन में कहा, ''मेरी जगह कोई और होता तो मर जाता। मुझ पर बहुत जुल्म हुए हैं। मैं बहुत सख्त जान हूं।'' उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने उन्हें लंबे समय तक परेशान किया और उनके साथ लगातार ज्यादती की गई। उनके मुताबिक, जिन परिस्थितियों से उन्हें और उनके परिवार को गुजरना पड़ा, उन्हें सहन करना हर किसी के बस की बात नहीं थी।
बोले- आधा अधूरा आदमी आपके सामने खड़ा है
कार्यक्रम के दौरान आजम खान ने अपने परिवार पर आई मुश्किलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज वह आधे-अधूरे आदमी के रूप में लोगों के सामने खड़े हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनकी जगह कोई आम आदमी होता तो शायद वह, उनका बेटा और पत्नी इन परिस्थितियों में टूट चुके होते। अपने संघर्ष का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ''हम मरेंगे, लेकिन कुछ करके मरेंगे।''
आजम खान ने समाजवादी पार्टी के साथ अपने लंबे राजनीतिक जुड़ाव को भी याद किया। उन्होंने कहा कि वह पिछले 50 वर्षों से समाजवादी पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं। उनके इस बयान में सरकार के प्रति नाराजगी के साथ अपने संघर्ष और राजनीतिक प्रतिबद्धता का भाव भी दिखाई दिया।
ओवैसी के बयान पर भी किया था तंज
इससे पहले आजम खान ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि अब्दुल केवल दरी बिछाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि डिप्टी सीएम बनकर चंद्रशेखर के साथ बैठेगा। इस पर आजम खान ने तंज कसते हुए कहा था कि मेरा ऐलान कर दें, मुझे प्रधानमंत्री बनवा दें। मेरे नाम में तो सिर्फ वजीर लगना बाकी है, आजम तो पहले से ही हूं।
घोषणा पत्र कार्यक्रम में पहुंचे थे आजम
आजम खान समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ पहुंचे थे। इसी दौरान मीडिया से बातचीत और अपने संबोधन में उन्होंने ये बयान दिए। उनके वक्तव्य के बाद राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर उनके संघर्ष, पार्टी में उनकी भूमिका और प्रदेश की आगामी चुनावी राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

