ब्रेकिंग
बुधवार, 23 सितंबर 2026
Maps
Denva Post
सभी खबरें
सीधी · 09-08-2026

MP: सीधी में राजमिस्त्री की संदिग्ध मौत, 100 लोगों ने घेरा मकान; मालिक हिरासत में

सीधी के जमोड़ी थाना क्षेत्र में राजमिस्त्री दिनेश साकेत की संदिग्ध मौत के बाद तनाव। करीब 100 लोगों ने मकान का घेराव किया। पुलिस ने मकान मालिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
झीलें और नदियां
समाचार डेस्क · 09-08-2026
शेयर
MP: सीधी में राजमिस्त्री की संदिग्ध मौत, 100 लोगों ने घेरा मकान; मालिक हिरासत में

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम मधुरी में राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद रविवार सुबह तनाव की स्थिति बन गई। मृतक दिनेश साकेत के परिजन और रिश्तेदार बड़ी संख्या में लक्ष्मीकांत पटेल के घर पहुंच गए और मकान का घेराव कर दिया। करीब 100 लोगों के अचानक पहुंचने से इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

समाचार

स्थिति बिगड़ती देख जमोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाने के साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को समझाइश देते हुए जांच पूरी होने तक शांति बनाए रखने की अपील की।

मजदूरी मांगने लक्ष्मीकांत के घर गया था दिनेश

जानकारी के अनुसार, दिनेश साकेत शनिवार रात करीब 10 बजे ग्राम मधुरी निवासी लक्ष्मीकांत पटेल के घर गया था। रात में उसी मकान में दिनेश का शव मिला।

मृतक की पत्नी निर्मला साकेत ने आरोप लगाया है कि उनके पति लक्ष्मीकांत पटेल के यहां राजमिस्त्री का काम करते थे और उनकी 18 हजार रुपये से अधिक की मजदूरी बकाया थी। परिजनों के मुताबिक, दिनेश बकाया मजदूरी मांगने के लिए ही लक्ष्मीकांत के घर गया था।

भौगोलिक संदर्भ

हालांकि, मजदूरी के विवाद और मौत के बीच संबंध की अभी पुलिस जांच कर रही है।

सुबह करीब 10 बजे परिजनों ने घेरा मकान

रविवार सुबह करीब 10 बजे मृतक के परिजन और रिश्तेदार बड़ी संख्या में लक्ष्मीकांत पटेल के घर पहुंचे। करीब 100 लोगों के पहुंचने के बाद मकान को चारों तरफ से घेर लिया गया।

बताया जा रहा है कि उस समय लक्ष्मीकांत पटेल की पत्नी और बेटी घर के अंदर थीं। बाहर बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने के कारण वे घर से बाहर नहीं निकल सकीं।

मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को मकान से दूर करने का प्रयास किया और परिजनों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया।

मकान मालिक ने बताया छत से गिरने का कारण

लक्ष्मीकांत पटेल ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात वह और दिनेश साकेत दूसरी मंजिल की छत पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली चली गई।

लक्ष्मीकांत के अनुसार, बिजली जाने के बाद दिनेश नीचे उतरने लगा। सीढ़ियों पर रेलिंग नहीं होने के कारण वह संतुलन खो बैठा और नीचे गिर गया। उनके मुताबिक, गिरने के बाद दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस फिलहाल मकान मालिक के बयान और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पूछताछ के लिए मकान मालिक हिरासत में

जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर लक्ष्मीकांत पटेल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने रविवार सुबह करीब 10 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और चोटों की प्रकृति को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह खबर शेयर करें
शेयर