ब्रेकिंग
शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 3 मिनट पहले

22 से 26 नवंबर तक तवा-नर्मदा संगम बांद्राभान में लगेगा पांच दिवसीय मेला

कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को सौंपे दायित्व, सुरक्षा, यातायात और पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 3 मिनट पहले
शेयर
22 से 26 नवंबर तक तवा-नर्मदा संगम बांद्राभान में लगेगा पांच दिवसीय मेला

नर्मदापुरम। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर तवा और नर्मदा नदी के पवित्र संगम स्थल बांद्राभान में 22 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक पांच दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपीं।

कलेक्टर ने यातायात एवं परिवहन व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए ट्रैफिक और परिवहन विभाग को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। मेला स्थल के आसपास वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान चिह्नित कर मार्किंग करने को कहा गया। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को बस, मिनी बस और ऑटो सहित अन्य यात्री वाहनों के किराए का शीघ्र निर्धारण करने के निर्देश भी दिए गए।

पेयजल, स्वच्छता और महिलाओं की सुविधाओं पर जोर

मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को दिए गए। कलेक्टर ने पेयजल की गुणवत्ता की जांच और क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा चलित शौचालयों की व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई और कचरे के उचित निष्पादन के लिए लगातार कचरा वाहन संचालित करने के निर्देश दिए।

महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला स्थल पर चेंजिंग रूम बनाने और साफ-सफाई के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को कहा गया। मेला स्थल पर व्यवस्थित मार्किंग और बैरिकेडिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।

स्नान घाटों पर रहेगी निगरानी, बनेगा संयुक्त कंट्रोल रूम

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने जनपद पंचायत, होमगार्ड और पुलिस विभाग का संयुक्त कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। मेला स्थल पर वॉच टावर लगाने के साथ अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से लगातार सूचनाएं प्रसारित करने और स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

लोक निर्माण विभाग को बांद्राभान पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत कराने और रास्तों से झाड़ियां हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

24 घंटे उपलब्ध रहेगी चिकित्सा सुविधा

कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मेले की अवधि में चिकित्सकों की राउंडवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं को 24 घंटे चिकित्सा सुविधा मिल सके। विद्युत व्यवस्था के लिए एमपीईबी को अस्थायी कनेक्शन उपलब्ध कराने और सभी विद्युत कनेक्शनों की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। मेले में लगाए जाने वाले झूलों की सुरक्षा जांच लोक निर्माण विभाग द्वारा की जाएगी।

तवा बांध से नहीं छोड़ा जाएगा पानी

बैठक में बताया गया कि मेले की अवधि के दौरान तवा बांध से पानी नहीं छोड़ा जाएगा। कलेक्टर ने मेले से संबंधित आवश्यक टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए, ताकि सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जा सकें।

बैठक में जनपद पंचायत नर्मदापुरम अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला, एडिशनल एसपी अभिषेक राजन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

यह खबर शेयर करें
शेयर