नर्मदापुरम में ‘युवा संवाद’ का आयोजन, युवाओं को मतदान के अधिकार और महत्व की दी जानकारी
माय भारत नर्मदापुरम के युवा संवाद कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने शिरकत की। युवाओं को मतदान अधिकार, मतदाता सूची और SIR प्रक्रिया की जानकारी दी गई।


नर्मदापुरम। युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के अधिकार और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से माय भारत नर्मदापुरम द्वारा ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘अपने वोट को जानो’ रहा। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं और विद्यार्थियों ने सहभागिता कर मतदान प्रक्रिया एवं मतदाता अधिकारों से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ खेल आइकन हर्षिता तोमर और युवा आइकन कृष्णिका अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी नितेश जिंदल ने युवाओं को संबोधित करते हुए मतदान के महत्व, मतदाता अधिकारों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं को जागरूक नागरिक बनकर न केवल अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए, बल्कि दूसरों को भी मतदान के प्रति जागरूक करना चाहिए।

वहीं, युवा आइकन कृष्णिका अग्रवाल ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण, मतदाता विवरण की शुद्धता और निर्वाचन प्रक्रिया में सही जानकारी के महत्व को समझाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि मतदान केवल एक संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। युवाओं से अपील की गई कि वे अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित करना रहा।
