51 हजार दीपों से जगमगाएगा सेठानी घाट, ‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम में दिखेगी जनभागीदारी
सेवा से संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को नर्मदापुरम के विश्वप्रसिद्ध सेठानी घाट पर 51 हजार दीप जलाए जाएंगे। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने तैयारियों की समीक्षा की।


नर्मदापुरम। सेवा से संकल्प अभियान के तहत नर्मदापुरम का विश्वप्रसिद्ध सेठानी घाट 51 हजार दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। 17 सितंबर को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय ‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा एवं जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसी क्रम में नर्मदापुरम जिले में भी रक्तदान शिविर, ‘सेवा चित्र’, ‘आंगन का उत्सव’, स्वच्छता कार्यक्रम, विकसित भारत संकल्प यात्रा सहित विभिन्न जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम होंगे।
कलेक्टर ने ली तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अभियान से जुड़े विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जिला, ब्लॉक, तहसील और ग्राम स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रमों से संबंधित दिशा-निर्देश अधीनस्थ अमले को पहले ही जारी किए जाएं, ताकि सभी गतिविधियों का क्रमबद्ध और प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके।
सेठानी घाट पर कार्यक्रम की खास तैयारी
17 सितंबर को होने वाले ‘एक दिया आशीर्वाद का’ जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए कलेक्टर ने नगर पालिका और जनपद पंचायत को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां एक दिन पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
जिला अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रमों के लिए संबंधित विभागों के जिला अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा। उन्हें अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

