ब्रेकिंग
शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026
नक्शे देखें
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 31 मिनट पहले

कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने अधिकारियों को दिए निर्देश, योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही तक पहुंचाना प्राथमिकता

नर्मदापुरम कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने अधिकारियों को समय की पाबंदी, अनुशासन, विभागीय पोर्टल अपडेट रखने और सभी पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 31 मिनट पहले
शेयर
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने अधिकारियों को दिए निर्देश, योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही तक पहुंचाना प्राथमिकता

नर्मदापुरम। नर्मदापुरम के नवागत कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने जिला अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर प्रशासनिक कार्यों की प्राथमिकताओं और कार्यप्रणाली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकता होगी।

नक्शे देखें

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को समय की पाबंदी, अनुशासन और विभागीय कार्यों में जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारी निर्धारित समय पर उपस्थित रहें और अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। प्रशासनिक कार्यों में समयबद्धता के साथ आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित हों अधिकारी

कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने निर्देश दिए कि किसी भी विभागीय बैठक में शामिल होने से पहले अधिकारी संबंधित विषय की पूरी जानकारी और आवश्यक आंकड़े तैयार रखें। उन्होंने कहा कि अद्यतन जानकारी के आधार पर ही विभागीय कार्यों की प्रभावी समीक्षा की जा सकेगी।

उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय पोर्टल नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी अद्यतन और सही होनी चाहिए, ताकि योजनाओं की प्रगति और विभागीय कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।

तकनीकी प्लेटफॉर्म का उपयोग करें, लेकिन विवेक से भी लें निर्णय

बैठक में कलेक्टर ने शासकीय कार्यों में तकनीकी प्लेटफॉर्म और डिजिटल माध्यमों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल कार्यों को सरल और प्रभावी बनाने के लिए किया जाना चाहिए, लेकिन अधिकारियों को पूरी तरह तकनीकी संसाधनों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने अनुभव, विवेक और विभागीय जानकारी के आधार पर भी निर्णय लें। तकनीकी संसाधनों का उपयोग सहयोग के रूप में किया जाए, ताकि प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता और कार्यक्षमता में सुधार हो सके।

कार्यालयीन समय और विभागीय दायित्वों को दें प्राथमिकता

कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कार्यालयीन समय का विशेष ध्यान रखें और निर्धारित समय-सीमा में विभागीय कार्य पूरे करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी अन्य जनहितैषी गतिविधियों में भी सहभागिता करें, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाए कि इन गतिविधियों के कारण नियमित विभागीय कार्य प्रभावित न हों।

उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था में अनुशासन, जवाबदेही और कार्यों के समयबद्ध निष्पादन को महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकारियों से शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।

जिला पंचायत CEO सहित अधिकारी रहे मौजूद

परिचयात्मक बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रशासनिक कार्यों को व्यवस्थित बनाने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन को समय पर सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

यह खबर शेयर करें
शेयर