माखननगर में आदिवासी समुदाय की समस्याओं पर चार दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश
माखननगर में जनजातीय समुदाय की समस्याओं पर गठित समिति को कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने चार दिन में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।


माखननगर। माखननगर में जनजातीय समुदाय की समस्याओं के निराकरण के लिए गठित समिति को कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने आगामी चार दिनों में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर समिति द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की और निर्धारित समय-सीमा में जांच पूरी कर अंतिम प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में आदिवासी समुदाय की समस्याओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर वशिष्ठ ने वन विभाग के अधिकारियों से संबंधित मामलों और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि समिति जांच के निर्धारित बिंदुओं के आधार पर उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण करे और निष्पक्षता के साथ अपना अंतिम निष्कर्ष प्रस्तुत करे।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जांच से संबंधित प्रक्रियाधीन कार्रवाई को आगामी चार दिवस में पूरा कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। इसके लिए समिति के सभी सदस्य आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तय समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करें।
जनजातीय समुदाय को कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों को जनजातीय समुदाय के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि समुदाय के लोगों को उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए की जा रही कार्रवाई से अवगत कराया जाए, ताकि उन्हें प्रशासनिक स्तर पर चल रही प्रक्रिया की जानकारी मिल सके।
बैठक में वन मंडलाधिकारी गौरव शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नर्मदापुरम देवेंद्र प्रताप सिंह सहित राजस्व एवं वन विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

