ब्रेकिंग
शनिवार, 17 अक्टूबर 2026
नक्शे देखें
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 6 मिनट पहले

पंचायती राज मंत्रालय की संयुक्त सचिव मुक्ता शेखर ने किया ग्राम पंचायतों का निरीक्षण, विकास कार्यों की समीक्षा

र्मदापुरम जिले में पंचायती राज मंत्रालय की संयुक्त सचिव मुक्ता शेखर ने मघरिया, छेड़का और टेकापार ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। विकास कार्यों, पंचायत अभिलेखों और ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं का जायजा लिया।

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 6 मिनट पहले
शेयर
पंचायती राज मंत्रालय की संयुक्त सचिव मुक्ता शेखर ने किया ग्राम पंचायतों का निरीक्षण, विकास कार्यों की समीक्षा

नर्मदापुरम। भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय की संयुक्त सचिव मुक्ता शेखर ने जिले के तीन दिवसीय भ्रमण के दूसरे दिन विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर विकास कार्यों, पंचायत प्रशासन और ग्रामीणों की सहभागिता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंचायतों में कराए गए निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और ग्राम सभा की कार्यप्रणाली व पंचायत अभिलेखों की जानकारी ली। साथ ही जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन से मुलाकात कर जिले में संचालित विकास कार्यों और पंचायती राज योजनाओं की समीक्षा की।

मघरिया पंचायत में सड़क-नाली निर्माण का लिया जायजा

भ्रमण के दौरान संयुक्त सचिव मुक्ता शेखर ग्राम पंचायत मघरिया पहुंचीं। यहां उन्होंने 15वें वित्त आयोग की राशि से कराए गए सड़क और नाली निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने पंचायत सचिव और ग्राम रोजगार सहायक से ग्राम सभा के रजिस्टर एवं अन्य पंचायत अभिलेखों की जानकारी ली। इस दौरान सरपंच, पंच और ग्रामीणों से चर्चा कर पंचायत में संचालित गतिविधियों और विकास कार्यों की स्थिति को समझा।

छेड़का में पारंपरिक लोकनृत्य से हुआ स्वागत

इसके बाद संयुक्त सचिव ग्राम छेड़का पहुंचीं, जहां ग्रामीणों ने तिलक लगाकर और पारंपरिक लोकनृत्य के माध्यम से उनका आत्मीय स्वागत किया। स्थानीय लोक संस्कृति से प्रभावित होकर मुक्ता शेखर ने भी ग्रामीणों के साथ लोकनृत्य में सहभागिता की।

छेड़का में उन्होंने होम स्टे का निरीक्षण किया और स्थानीय खानपान का अनुभव लिया। इस दौरान उन्होंने मक्के की रोटी, चटनी और स्थानीय सब्जियों सहित पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखा। ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और होम स्टे के माध्यम से स्थानीय लोगों की आजीविका के अवसर बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

टेकापार पंचायत में विकास कार्यों की जानकारी ली

संयुक्त सचिव ने ग्राम पंचायत टेकापार का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पंचायत सचिव, सरपंच और ग्रामीणों से मुलाकात कर विकास कार्यों की प्रगति तथा स्थानीय जरूरतों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

भ्रमण का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करना, ग्राम सभा की कार्यप्रणाली को समझना और पंचायत प्रशासन में ग्रामीणों की सहभागिता की समीक्षा करना था।

ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान भोपाल से उपसंचालक सुधीर जैन, मंत्रालय के सलाहकार प्रखर जैन, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, सहायक परियोजना अधिकारी ज्योति साहू, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रविन्द्र कुमार शर्मा, जिला पर्यटन समन्वयक मनोज ठाकुर और जिला समन्वयक अरविंद धुर्वे सहित जनपद पंचायत सोहागपुर के सीईओ राम सोनी, एसडीएम बबीता राठौर तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

संयुक्त सचिव के इस भ्रमण के माध्यम से पंचायतों में विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्था और ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं का जायजा लिया गया।

यह खबर शेयर करें
शेयर