एमपीपीएससी की दो बड़ी भर्ती परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न, हजारों अभ्यर्थी हुए शामिल
Indore News: मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) द्वारा सहायक प्राध्यापक-2025 और पशु चिकित्सा विभाग भर्ती परीक्षा रविवार को सख्त सुरक्षा के बीच आयोजित की गई।


इंदौर। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की दो महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षाएं रविवार को प्रदेशभर में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित की गईं। सहायक प्राध्यापक परीक्षा-2025 (भाग-2) और पशु चिकित्सा विभाग के विभिन्न पदों के लिए आयोजित परीक्षाओं में इंदौर और भोपाल सहित विभिन्न जिलों से हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की त्रिस्तरीय जांच की गई। पहचान सत्यापन और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
सहायक प्राध्यापक परीक्षा में प्रदेशभर से करीब 21 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। इंदौर में इसके लिए 34 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां 13,682 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। वहीं भोपाल संभाग के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर करीब 7 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रक्रिया में शामिल हुए 13 अभ्यर्थियों को भी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई। आयोग ने न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए उन्हें परीक्षा देने की व्यवस्था उपलब्ध कराई।
सहायक प्राध्यापक परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की गई। पहला सत्र सुबह 10 बजे से 11 बजे तक सामान्य ज्ञान का रहा, जबकि दूसरा सत्र दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक विषय आधारित प्रश्नपत्र के लिए आयोजित किया गया।
इसके अलावा पशु चिकित्सा विभाग में सहायक संचालक, वेटरनरी पशु चिकित्सा सहायक एवं पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी के पदों के लिए भी भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। इंदौर में इसके लिए 3 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जहां 880 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। आयोग की ओर से परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई। उम्मीदवारों ने भी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा में भाग लिया।