प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को MP में जलेगा सेवा का दीप, विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से मध्यप्रदेश में सेवा-संकल्प अभियान शुरू होगा। शाम 7 बजे प्रदेशभर में दीप प्रज्ज्वलन और एक महीने तक जनसेवा के कार्यक्रम होंगे।


नर्मदापुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से मध्यप्रदेश में एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा-संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रज्ज्वलित विकास का दीपक देशभर में प्रकाश फैला रहा है और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवा एवं जिम्मेदारी के उजास के प्रतीक के रूप में प्रदेशभर में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अधिक से अधिक जनभागीदारी, बेहतर समन्वय और प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सरकार का लक्ष्य 17 सितंबर को प्रदेशभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करना है।
शाम 7 बजे एक साथ जगमगाएगा प्रदेश
सेवा-संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से होगी। उज्जैन के महाकाल महालोक सहित प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में शाम 7 बजे एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रदेश के लाभार्थी परिवारों और विभिन्न संस्थाओं को भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी दिन रक्तदान शिविर भी
17 सितंबर को प्रदेश के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेजों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने रक्त संग्रह, परिवहन और सुरक्षित संग्रहण की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
एक महीने में होंगे कई बड़े आयोजन
सेवा-संकल्प अभियान के दौरान अलग-अलग चरणों में कई गतिविधियां आयोजित होंगी। इनमें—
‘मेरे सपनों का भारत’ — 19 से 26 सितंबर तक जिलास्तर पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं।
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ — 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक।
‘आंगन मिलन सेवा’ — 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आंगनवाड़ियों में बच्चों और माताओं के लिए विभिन्न गतिविधियां।
‘सेवा की कहानी’ — 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों के अनुभव और संदेश।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ — 7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आयोजन।
‘सेवा मेरा योगदान’ — 2 से 10 अक्टूबर तक विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और वर्गों की भागीदारी से सेवा गतिविधियां।
‘सेवा सेतु अभियान’ — 2 से 10 अक्टूबर तक विकासखंड और नगरीय निकाय स्तर पर शिविर।
‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ — 9 और 10 अक्टूबर को भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और अलीराजपुर में बड़े स्तर पर ह्यूमन रंगोली।
‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ — 12 अक्टूबर को इन्क्यूबेटर्स, स्टार्टअप लीडर्स और इनोवेटर्स की सहभागिता।
‘सुशासन सेवा संवाद’ — 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम।
‘25 साल-25 कहानियां’ — सभी जिलों में गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्ध परिवारों को केंद्र सरकार की ओर से किट का वितरण।
‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ इन्फ्लूएंसर एक्सचेंज के तहत अन्य राज्यों के सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स प्रदेश के विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे।
जबलपुर में बनेगी ह्यूमन रंगोली
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत जबलपुर में राज्य स्तरीय ह्यूमन रंगोली का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, झाबुआ और अलीराजपुर में भी बड़े स्तर पर जनभागीदारी से ह्यूमन रंगोली बनाई जाएगी।
सेवा सेतु शिविरों पर विशेष फोकस
बैठक में मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु मेगा शिविरों की विकासखंडवार और जोनवार तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। इन शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राही योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को मौके पर ही उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। अभियान को जनविश्वास अभियान से भी जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्यक्रमों में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के आवागमन, भ्रमण और भोजन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नर्मदापुरम से कलेक्टर जुड़े
सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। नर्मदापुरम जिले के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन सहित संबंधित अधिकारी बैठक में ऑनलाइन जुड़े।
बैठक में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित मंत्रिमंडल के कई सदस्य, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश के सभी संभागायुक्त और जिला कलेक्टर भी वर्चुअली बैठक से जुड़े।

