WhatsApp की एक फाइल और खाते से ₹4.35 लाख साफ!झारखंड से संदिग्ध हिरासत में
माखननगर में WhatsApp पर APK फाइल डाउनलोड करने के बाद ₹4.35 लाख की साइबर ठगी हुई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर झारखंड से एक आरोपी को हिरासत में लिया।


माखननगर। WhatsApp पर आई एक APK फाइल डाउनलोड करना डांगीवाड़ा निवासी दिनेश मुराडीया को भारी पड़ गया। पुलिस के अनुसार, फाइल डाउनलोड होने के बाद मोबाइल से छेड़छाड़ कर अज्ञात आरोपियों ने उसके बैंक खाते से अलग-अलग समय में ₹4 लाख 35 हजार निकाल लिए।
मामले में माखननगर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर झारखंड के हजारीबाग जिले से टिंकू कुमार पिता लालधारी महतो (36) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की है। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए ब्लैकबक फ्यूल कार्ड का कनेक्शन भी पूछताछ में सामने आया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।
APK डाउनलोड होते ही शुरू हुआ खेल
पुलिस के अनुसार, 26 जनवरी 2026 को दिनेश मुराडीया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके WhatsApp पर अज्ञात व्यक्ति ने APK फाइल भेजी थी। इसे डाउनलोड करने के बाद उसके मोबाइल से छेड़छाड़ हुई और बैंक खाते से कुल ₹4,35,000 के ट्रांजेक्शन कर दिए गए।
शिकायत पर माखननगर थाने में अपराध क्रमांक 53/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
तकनीकी साक्ष्य लेकर झारखंड पहुंची टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी नर्मदापुरम साईकृष्णा एस. थोटा (IPS), एएसपी अभिषेक राजन और एसडीओपी सोहागपुर अरविन्द शाह के निर्देशन में टीआई कंचन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस के मुताबिक, तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर टीम झारखंड पहुंची और टिंकू कुमार को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
3 हजार की फीस, फिर फ्यूल कार्ड का कनेक्शन
पुलिस के अनुसार पूछताछ में टिंकू ने बताया कि उसे ब्लैकबक कंपनी के नाम से फोन आया था। फोन करने वालों ने डीजल पर करीब 1.5 से 2 प्रतिशत डिस्काउंट और मैकेनिक सुविधा देने की बात कही तथा इसके लिए ₹3 हजार की फीस मांगी।
आरोपी के अनुसार, उसने भेजी गई फाइल में अपनी जानकारी भरी, जिसके बाद उसके मोबाइल पर फ्यूल कार्ड बनाया गया। बाद में उसे पता चला कि किसी अन्य व्यक्ति ने उसके कार्ड में डीजल भरवाने के नाम पर रिचार्ज किया और इसी प्रक्रिया के जरिए फरियादी के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी की गई।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस की चेतावनी—APK से रहें सावधान
माखननगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि WhatsApp पर अनजान नंबर से आने वाली APK फाइल या संदिग्ध लिंक डाउनलोड अथवा ओपन न करें। ऐसी फाइलों के जरिए मोबाइल और बैंकिंग जानकारी खतरे में पड़ सकती है।
पुलिस ने यह भी कहा है कि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा ऑफर या लालच दिए जाने पर OTP, बैंक डिटेल और अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें।
कार्रवाई में टीआई कंचन सिंह ठाकुर, एसआई अशोक बरबड़े, हेड कांस्टेबल हरीश मालवीय, आरक्षक सुनील उमरिया, सागर तथा साइबर सेल के प्रशांत राजपूत और संदीप यदुवंशी की मुख्य भूमिका रही।

