आदिवासी समुदाय की मांगों पर गंभीरता से होगी कार्रवाई, भूमि प्रकरणों की जांच के लिए बनेगी जिला स्तरीय समिति
माखननगर-सेमरीहरचंद के आदिवासी समाज की भूमि और रोजगार संबंधी मांगों पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बैठक की। भूमि प्रकरणों की जांच के लिए जिला स्तरीय समिति बनेगी।


नर्मदापुरम। माखननगर और सेमरीहरचंद क्षेत्र के सर्व आदिवासी समाज की विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। बैठक में भूमि उपलब्ध कराने, रोजगार सहित अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने प्रतिनिधियों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनीं और प्रत्येक मांग पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
कलेक्टर ने कहा कि आदिवासी समुदाय की मांगों पर गंभीरता से विचार कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। भूमि संबंधी प्रकरणों और अन्य मांगों की जांच के लिए जिला स्तरीय जांच समिति गठित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
भूमि संबंधी मांगों की होगी जांच
बैठक में आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने भूमि प्रदान किए जाने सहित विभिन्न मांगें कलेक्टर के सामने रखीं। कलेक्टर ने प्रत्येक बिंदु पर जानकारी लेने के बाद अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला को निर्देश दिए कि आदिवासी प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी मांगों और प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर शीघ्र जांच समिति का गठन सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन द्वारा भूमि संबंधी प्रकरणों की जांच संबंधित नियमों और शासन के प्रावधानों के अनुसार किए जाने की बात कही गई।
रोजगार के मुद्दे पर भी प्रशासन सक्रिय
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में रोजगार से जुड़ी समस्याओं को भी कलेक्टर के समक्ष रखा। इस पर कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन स्तर पर रोजगार संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पात्रता और शासन के नियमों के अनुरूप आदिवासी समुदाय के लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वन अधिनियम और शासन के निर्देशों के अनुरूप होगी कार्रवाई
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन आदिवासी समुदाय की प्रत्येक मांग और समस्या को गंभीरता से देख रहा है। मध्यप्रदेश शासन और भारत सरकार द्वारा जारी वन अधिनियम तथा संबंधित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय की मांगों के निराकरण के लिए प्रशासनिक स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रखी जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा, वनमंडलाधिकारी गौरव शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और आदिवासी समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

