ब्रेकिंग
बुधवार, 30 सितंबर 2026
Maps
Denva Post
सभी खबरें
माखन नगर · 23-08-2026

शांति समिति की बैठक में यातायात व्यवस्था पर जोर, त्योहारों को लेकर प्रशासन ने दिए जरूरी निर्देश

माखन नगर में मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। यातायात, पार्किंग, अतिक्रमण और त्योहारों की व्यवस्थाओं पर चर्चा कर प्रशासन ने निर्देश दिए।

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 23-08-2026
शेयर
शांति समिति की बैठक में यातायात व्यवस्था पर जोर, त्योहारों को लेकर प्रशासन ने दिए जरूरी निर्देश

माखन नगर। आगामी मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन सहित अन्य त्योहारों को देखते हुए माखन नगर में प्रशासन ने शांति समिति की बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। तहसीलदार सुनीता साहनी एवं थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर की मौजूदगी में आयोजित बैठक में नगर के व्यापारी, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा नगर की यातायात व्यवस्था रहा। सड़क निर्माण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण रोजाना लगने वाले जाम को लेकर नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया।

सड़क पर पार्किंग और अतिक्रमण का मुद्दा उठा

बैठक में व्यापारी विजय जैन ने सड़क पर वाहनों की पार्किंग की समस्या को उठाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहनों की पार्किंग होने से यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

वहीं संजय गिल्ला ने यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सुझाव देते हुए कहा कि सड़क निर्माण के चलते प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत बताते हुए प्रमुख स्थानों और ट्रैफिक प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने का सुझाव दिया।

मिलादुन्नबी जुलूस के मार्ग पर रहेगी विशेष व्यवस्था

मस्जिद कमेटी के सदर इरफान खान ने बताया कि मिलादुन्नबी के अवसर पर नगर के मुख्य मार्गों से जुलूस निकाला जाएगा। उन्होंने जुलूस मार्ग पर यातायात और सुरक्षा की उचित व्यवस्था किए जाने की मांग प्रशासन के सामने रखी।

इस पर प्रशासन की ओर से त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और आवश्यक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती को लेकर व्यवस्था करने की बात कही गई।

नागेश्वर कावड़ यात्रा को लेकर भी चर्चा

बैठक में सोमवार को प्रस्तावित नागेश्वर कावड़ यात्रा को लेकर भी चर्चा हुई। संतोष अग्रवाल ने प्रशासन से कावड़ यात्रा के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, ऐसे में मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखना जरूरी होगा।

रेड लाइन के बाहर दुकान लगाने पर होगी कार्रवाई

तहसीलदार सुनीता साहनी ने नगर परिषद के सीएमओ को निर्देश दिए कि सड़क के दोनों ओर रेड मार्किंग कराकर उसके अंदर ही दुकानें व्यवस्थित रूप से लगवाई जाएं। इसके लिए नगर में मुनादी कराकर दुकानदारों को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित रेड लाइन के बाहर दुकान, ठेला या अन्य सामग्री लगाकर सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ जप्ती की कार्रवाई की जाएगी।

रक्षाबंधन पर भीड़ को देखते हुए व्यवस्था के निर्देश

रक्षाबंधन के अवसर पर बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए तहसीलदार ने दुकानों को व्यवस्थित तरीके से लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर दुकान या अन्य सामान फैलने से यातायात प्रभावित नहीं होना चाहिए।

बैठक में सड़क निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। सड़क निर्माण ठेकेदार को नोटिस देकर जहां-जहां अप्रोच रोड का निर्माण अधूरा है, वहां तत्काल अप्रोच रोड बनाने के निर्देश देने की बात कही गई।

त्योहारों के दौरान व्यवस्था बनाए रखने पर जोर

प्रशासन ने आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में मौजूद नागरिकों और व्यापारियों ने भी प्रशासन को विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और व्यवस्था सुधारने के लिए सुझाव दिए।

बैठक में नगर के गणमान्य नागरिक, मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि, व्यापारी, धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग और समाजसेवी मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी से त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

यह खबर शेयर करें
शेयर