11वीं के छात्र की संदिग्ध मौत से सनसनी, गले में मिला फंदा; पिता हिरासत में, CCTV से बढ़ा शक
इंदौर के नया बसेरा में 11वीं के छात्र उदय खोकरे का शव घर में फंदे पर मिला। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने पिता को हिरासत में लिया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।


इंदौर। एमआईजी थाना क्षेत्र के नया बसेरा इलाके में रविवार देर शाम 11वीं कक्षा के छात्र उदय खोकरे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। छात्र का शव घर के कमरे में बिस्तर पर मिला और उसके गले में फंदा बंधा हुआ था। घटनास्थल की परिस्थितियों और CCTV फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने छात्र के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
पुलिस फिलहाल मामले में आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होने की बात पुलिस ने कही है।
बहन घर पहुंची तो बिस्तर पर मिला शव
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 7:30 बजे उदय की बड़ी बहन काम से घर लौटीं। घर का दरवाजा अटका हुआ था। अंदर जाने पर उन्होंने उदय को बिस्तर पर अचेत अवस्था में देखा। उसके गले में फंदा बंधा था।
सूचना मिलते ही एमआईजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी।
टेस्ट की तैयारी के लिए घर पर रुका था छात्र
परिजनों के अनुसार उदय चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। रविवार को उसकी बड़ी बहन ने उसे बाहर चलने के लिए कहा था, लेकिन दो दिन बाद टेस्ट होने के कारण उसने पढ़ाई के लिए घर पर रुकना पसंद किया।
घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे।
Instagram पोस्ट से आत्महत्या के एंगल की भी जांच
पुलिस को उदय के दोस्तों से यह जानकारी मिली है कि वह पिछले दो दिनों से Instagram पर उदास और निराशा भरे संदेश व स्टोरी शेयर कर रहा था। पुलिस इन सोशल मीडिया गतिविधियों को भी जांच का हिस्सा बना रही है।
इसी आधार पर पुलिस आत्महत्या की संभावना सहित अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
दरवाजा अटका था, रस्सी कटी मिली
पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर घर का दरवाजा केवल अटका हुआ था और फंदे की रस्सी कटी हुई मिली। इन परिस्थितियों के चलते पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में उदय के पिता घर से बाहर जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस पूछताछ में पिता ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने बेटे को फंदे पर लटका देखा था। इसके बाद चाकू से रस्सी काटकर उसे बिस्तर पर लिटाया और फिर घर से चले गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
थाना प्रभारी के अनुसार छात्र के गले पर फंदे के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, छात्र के पिता के नशे की आदत और उनकी मानसिक स्थिति से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
