नर्मदापुरम पहुंची महिला एशिया कप हॉकी की ट्रॉफी, शहर में निकली भव्य यात्रा; विवेक सागर सहित खिलाड़ियों ने किया स्वागत
महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट की ट्रॉफी नर्मदापुरम पहुंची। एसपी कार्यालय से हॉकी टर्फ मैदान तक भव्य यात्रा निकली, विवेक सागर सहित खिलाड़ियों ने किया स्वागत।


नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित होने जा रहे महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह बढ़ने लगा है। इसी कड़ी में मंगलवार को टूर्नामेंट की प्रतिष्ठित ट्रॉफी नर्मदापुरम पहुंची, जहां शहर में उसका भव्य स्वागत किया गया। ट्रॉफी के सम्मान में एसपी कार्यालय से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के समीप स्थित हॉकी टर्फ मैदान तक भव्य ट्रॉफी यात्रा निकाली गई। देशभक्ति गीतों की गूंज, पुष्पवर्षा और खिलाड़ियों के उत्साह के बीच पूरा शहर हॉकी के रंग में नजर आया।
ट्रॉफी यात्रा में बड़ी संख्या में हॉकी खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और नागरिकों ने भाग लिया। शहर के विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों एवं खेल प्रेमियों ने पुष्पवर्षा कर ट्रॉफी का स्वागत किया। यात्रा जब हॉकी टर्फ मैदान पहुंची तो वहां मौजूद हॉकी खिलाड़ियों ने अपनी हॉकी स्टिक ऊपर उठाकर गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
हॉकी टर्फ मैदान पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने ट्रॉफी यात्रा की अगवानी की। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला और ओलंपिक पदक विजेता एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
टीएसी सदस्य विकास नारोलिया ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट की ट्रॉफी के आगमन को लेकर शहर में जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया के सांसद संवाद केंद्र कार्यालय पर दूरसंचार सलाहकार समिति (टीएसी) के सदस्य विकास नारोलिया ने पुष्पवर्षा कर ट्रॉफी यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान खेल प्रेमियों ने भी उत्साह के साथ सहभागिता की।
ट्रॉफी यात्रा के माध्यम से महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के प्रति खेल भावना और जागरूकता का संदेश दिया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके विवेक सागर की मौजूदगी ने स्थानीय खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ाया। आयोजन ने नर्मदापुरम में हॉकी के प्रति लोगों के जुड़ाव और खेल संस्कृति को भी नई ऊर्जा दी।

