सांदीपनि विद्यालय सुखतवा में अव्यवस्थाओं पर कलेक्टर नाराज, प्राचार्य को तत्काल सुधार के निर्देश
नर्मदापुरम के सांदीपनि विद्यालय सुखतवा के निरीक्षण में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने साफ-सफाई, खेल मैदान और शैक्षणिक सुविधाओं की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई।


नर्मदापुरम। केसला विकासखंड के सांदीपनि विद्यालय सुखतवा में अव्यवस्थाओं और साफ-सफाई की कमी को लेकर कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने नाराजगी जताई है। बुधवार को विद्यालय के सघन निरीक्षण के दौरान कॉरिडोर, वॉशरूम और खेल मैदान में गंदगी मिलने पर उन्होंने प्राचार्य को तत्काल व्यवस्थाओं में सुधार करने के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सांदीपनि विद्यालयों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय भवन, कक्षाओं, पेयजल व्यवस्था, खेल मैदान, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। वॉशरूम के आसपास साफ-सफाई की कमी मिलने पर उन्होंने नियमित सफाई सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। वहीं, वॉशरूम के नजदीक पेयजल पॉइंट स्थापित होने पर आपत्ति जताते हुए ईई पीआईयू को इन्हें पर्याप्त दूरी पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। वाटर कूलर का नियमित रखरखाव और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने को भी कहा।
खेल मैदान में विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं
विद्यालय के खेल मैदान की अव्यवस्थित स्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। मैदान के बीच स्थापित हाईमास्ट लैंप को अन्य उपयुक्त स्थान पर विस्थापित करने के लिए कहा, ताकि खेल गतिविधियों में बाधा न आए। निर्माण एजेंसी पीआईयू को प्रार्थना स्थल और खेल मैदान का व्यवस्थित विकास करने के निर्देश देते हुए रनिंग ट्रैक, फुटबॉल एवं बास्केटबॉल कोर्ट विकसित करने और पूरे मैदान में हरी घास लगाने को कहा।
खेल कक्ष के निरीक्षण में उपलब्ध खेल सामग्री का उपयोग नहीं होने पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्राचार्य और खेल प्रभारी शिक्षक को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में शामिल किया जाए और उपलब्ध सामग्री का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित हो। बच्चों के शारीरिक विकास के लिए बेसिक एवं हल्की जिम गतिविधियां भी नियमित रूप से कराने को कहा।
एक्टिविटी रूम का उपयोग रचनात्मक गतिविधियों के लिए हो
कलेक्टर ने विद्यालय के ओपन स्पेस में उचित स्लोप, ड्रेनेज और हरी घास की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक ऊंचाई तक रैंप बनाने तथा कॉरिडोर की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग और प्रेरणादायक सुविचार लिखवाने को कहा। एक्टिविटी रूम में कुर्सियां रखी मिलने पर उन्होंने आपत्ति जताई और निर्देश दिए कि इस कक्ष का उपयोग केवल विद्यार्थियों की कलात्मक, रचनात्मक एवं क्रियात्मक गतिविधियों के लिए किया जाए, ताकि उनकी प्रतिभा और सृजनात्मक क्षमता विकसित हो सके।
लैब और लाइब्रेरी को बेहतर बनाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने साइंस लैब में उपलब्ध उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक उपकरणों की सूची तैयार कर प्रदेश स्तर पर मांग भेजने और उपलब्ध संसाधनों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। वहीं, पुस्तकालय में पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने नवीनतम परीक्षा पाठ्यक्रम और पैटर्न के अनुरूप पुस्तकों का चयन करने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को वितरित पाठ्य पुस्तकों और शिक्षण सामग्री की जानकारी भी ली। उन्होंने वर्कबुक के माध्यम से नियमित अध्यापन कराने, प्रत्येक कक्षा के सामने व्यवस्थित संकेतक लगाने और विद्यालय में उपलब्ध एवं आवश्यक सामग्री की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश स्तर से जरूरी संसाधनों की आपूर्ति कराई जा सके।
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों का संचालन मुख्यमंत्री एवं प्रदेश शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और रचनात्मक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने विद्यालय की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि निगरानी के अभाव में व्यवस्थाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग विवेक नागवंशी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
