माखननगर पुलिस की बड़ी सफलता: 5 माह से लापता 15 वर्षीय नाबालिग महाराष्ट्र से सकुशल दस्तयाब, मुख्य आरोपी सहित 3 गिरफ्तार
नर्मदापुरम जिले की माखननगर पुलिस ने पांच माह से लापता 15 वर्षीय नाबालिग को महाराष्ट्र से सकुशल दस्तयाब किया। अपहरण मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार।


माखननगर। करीब पांच माह से लापता 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को माखननगर पुलिस ने महाराष्ट्र से सकुशल दस्तयाब कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि बालिका को संरक्षण देने वाले अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस की विशेष टीम ने महाराष्ट्र और कर्नाटक सहित कई स्थानों पर तलाश अभियान चलाया। लगातार तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और साइबर सेल की मदद से पुलिस को सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 10 जून 2026 को बालिका की मां ने थाना माखननगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 15 वर्षीय बेटी को माखननगर थाना क्षेत्र से कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पांच माह से तलाश में जुटी थी पुलिस टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम दीपक कुमार शुक्ला (IPS) ने बालिका की शीघ्र दस्तयाबी और आरोपियों की पहचान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। मामले में नगद इनाम की घोषणा भी की गई थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और एसडीओपी सोहागपुर अरविंद शाह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माखननगर निरीक्षक कंचन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, साइबर सेल से प्राप्त जानकारी और अन्य सूचनाओं के आधार पर लगातार तलाश की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने पुणे सहित महाराष्ट्र और कर्नाटक के विभिन्न संभावित स्थानों पर पहुंचकर बालिका की खोजबीन की।
महाराष्ट्र में मिली सफलता, 17 नवंबर को बालिका दस्तयाब
लगातार प्रयासों और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर सहायक उपनिरीक्षक अशोक अठोले ने 17 नवंबर 2026 को महाराष्ट्र से नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया।
बालिका की दस्तयाबी के बाद उसके कथन और विवेचना में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी और सहआरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की।
मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार
पुलिस ने इस प्रकरण में मुख्य आरोपी अखिलेश कीर (27 वर्ष) सहित सुमित कीर (18 वर्ष) और अजय कीर को गिरफ्तार किया है। तीनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
वहीं, मामले से संबंधित एक अन्य आरोपी शेखर कीर पहले से ही दूसरे थाने के एक प्रकरण में जिला जेल नर्मदापुरम में निरुद्ध है।
पुलिस के अनुसार, जांच में बालिका को संश्रय देने वाले अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है। उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
माखननगर पुलिस और साइबर सेल की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक लाहनू, उपनिरीक्षक आकाशदीप, सहायक उपनिरीक्षक अशोक अठोले, प्रधान आरक्षक दिलीप, आरक्षक अर्जुन सिंह, विमलेश गोस्वामी, महिला आरक्षक स्वाति राजपूत, सलोनी खोरे, आरक्षक रवीन्द्र और रोहित गौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसके अलावा साइबर सेल नर्मदापुरम से आरक्षक संदीप यदुवंशी, प्रशांत राजपूत, सागर कुशवाहा और दीपेश ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने तथा आरोपियों की पतारसी में सहयोग किया।
पांच माह से लापता नाबालिग की सकुशल दस्तयाबी के बाद पुलिस ने आगे की विवेचना शुरू कर दी है। अब जांच में बालिका को संरक्षण देने वाले अन्य लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
