बेंगलुरु में महिला सांसदों के सम्मेलन में शामिल हुईं माया नारोलिया, महिला नेतृत्व को बताया लोकतंत्र की ताकत
राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने बेंगलुरु में राष्ट्रमंडल महिला सांसद CWP भारत क्षेत्र सम्मेलन में हिस्सा लिया। डिजिटल सशक्तीकरण, साइबर सुरक्षा और महिला नेतृत्व पर हुआ मंथन।


नर्मदापुरम। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रमंडल महिला सांसद (CWP) भारत क्षेत्र सम्मेलन में मध्य प्रदेश की राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने सहभागिता की। विधान सौध में सोमवार को आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया। सम्मेलन में देशभर की महिला सांसदों और विधायकों ने हिस्सा लेकर लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी, नेतृत्व और राजनीतिक सशक्तीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर महिला नेतृत्व को लोकतंत्र की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा गया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व और उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। सम्मेलन को महिला जनप्रतिनिधियों के अनुभव साझा करने, एक-दूसरे से सीखने और नई महिला विधायकों को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है।

डिजिटल सशक्तीकरण और साइबर सुरक्षा पर होगा मंथन
इस वर्ष सम्मेलन की थीम 'मजबूत नींव, मजबूत आवाज : समावेशी साइबर स्पेस और नई महिला विधायकों के लिए मेंटरशिप मार्ग' रखी गई है। दो दिवसीय आयोजन में डिजिटल सशक्तीकरण, साइबर सुरक्षा, समावेशी डिजिटल वातावरण और महिला जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जा रही है।
सम्मेलन का उद्देश्य महिला सांसदों और विधायकों को डिजिटल चुनौतियों के प्रति जागरूक करने के साथ ही राजनीति और विधायी कार्यों में नई महिला प्रतिनिधियों की प्रभावी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

देशभर की महिला जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता
सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर, कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर, CWP इंडिया रीजन की चेयरपर्सन डॉ. डी. पुरंदेश्वरी, कर्नाटक विधान परिषद के सभापति सलीम अहमद, उपसभापति डॉ. उमाश्री और विधानसभा उपाध्यक्ष मंकल वैद्य सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद माया नारोलिया की सहभागिता नर्मदापुरम के लिए भी महत्वपूर्ण रही। सम्मेलन में देशभर से पहुंचीं महिला सांसदों और विधायकों ने महिला नेतृत्व को मजबूत बनाने, अनुभवों के आदान-प्रदान और लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की निर्णायक भागीदारी बढ़ाने से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

