स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विचित्र कुमार सिन्हा की स्मृति को समर्पित हुआ मार्ग, अब कहलाएगा ‘विचित्र कुमार सिन्हा मार्ग
नर्मदा महाविद्यालय से सर्किट हाउस तक मार्ग का नामकरण, स्मृति समारोह में जनप्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने किया याद


नर्मदापुरम। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, साहित्यकार, पत्रकार, कवि, लेखक, चित्रकार और समाजसेवी स्वर्गीय विचित्र कुमार सिन्हा की स्मृति को नर्मदापुरम में स्थायी पहचान मिली है। उनकी पुण्य स्मृति में नर्मदा महाविद्यालय के सामने से सर्किट हाउस तक के मार्ग का नामकरण अब ‘विचित्र कुमार सिन्हा मार्ग’ के रूप में किया गया है।
इस अवसर पर 5 सितंबर को नर्मदा महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस सभागार में विचित्र कुमार सिन्हा स्मृति समारोह आयोजित किया गया। समारोह के बाद अतिथियों ने नामकरण की नाम पट्टिका का लोकार्पण किया।
स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को किया याद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि जीवन में कृतज्ञता का विशेष महत्व है। स्वर्गीय विचित्र कुमार सिन्हा ने स्वतंत्रता आंदोलन में देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि उनके नाम पर मार्ग का नामकरण किया जाना समाज की ओर से उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। सिन्हा जी ने देश और समाज के लिए जो कार्य किए, उनके मुकाबले यह सम्मान भी बहुत छोटा है।
डॉ. शर्मा ने स्वर्गीय सिन्हा के पुत्र के.के. सक्सेना और पौत्र विलक्षण सक्सेना द्वारा उनकी स्मृतियों को संजोकर रखने के प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया।
‘पत्रकार भी गुरु के समान’
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेंद्र यादव ने की। उन्होंने कहा कि आज शिक्षक दिवस का अवसर है और पत्रकार भी समाज को दिशा देने में गुरु के समान भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वर्गीय विचित्र कुमार सिन्हा के स्वतंत्रता संग्राम और पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके सम्मान में नर्मदा महाविद्यालय से सर्किट हाउस तक का मार्ग अब उनके नाम से जाना जाएगा।
कार्यक्रम में शहर के साहित्यकार और पत्रकार हुए शामिल
समारोह में विशेष अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष भूपेंद्र यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, भोपाल से आए स्वर्गीय सिन्हा के परिजन, नर्मदा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राम कुमार चौकसे, महाविद्यालय के प्रोफेसर एवं विद्यार्थी, शहर के साहित्यकार, पत्रकार, कायस्थ समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
आयोजन समिति के सदस्यों का सम्मान
समारोह के दौरान विचित्र कुमार सिन्हा स्मृति समारोह समिति के कार्यकारिणी सदस्यों का अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। वहीं आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विलक्षण सक्सेना ने किया। स्वागत भाषण बलराम शर्मा ने दिया, जबकि आभार प्रदर्शन अभय वर्मा ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
