सिवनी मालवा में आवासीय भवन में चल रहा था मिठाई का अवैध कारखाना, घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
नर्मदापुरम के सिवनी मालवा स्थित भीलपुरा में मनभावन मिष्ठान के आवासीय भवन में चल रहे मिठाई कारखाने पर प्रशासन की कार्रवाई, घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त।


नर्मदापुरम। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और घरेलू गैस के व्यावसायिक दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत सिवनी मालवा के भीलपुरा क्षेत्र में प्रशासन की संयुक्त टीम ने एक मिठाई कारखाने पर औचक कार्रवाई की। यहां आवासीय भवन के प्रथम तल पर अवैध रूप से मिठाई बनाने का काम संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान घरेलू एलपीजी सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर उसे जब्त कर लिया गया।
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर मंगलवार को राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। एसडीएम सिवनी मालवा विजय राय के नेतृत्व में नायब तहसीलदार आलोक भद्र ने भीलपुरा स्थित मनभावन मिष्ठान के परिसर का औचक निरीक्षण किया।
घरेलू गैस सिलेंडर का हो रहा था व्यावसायिक उपयोग
निरीक्षण के दौरान आवासीय भवन के प्रथम तल पर मिठाई बनाने का कारखाना संचालित मिला। जांच में यहां घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जाना पाया गया। प्रशासन के अनुसार यह एलपीजी (प्रदाय और वितरण विनियमन) आदेश, 2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन है।
पंचनामा बनाकर संचालक के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित
संयुक्त टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर लिया। साथ ही कारखाना संचालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
प्रशासन ने त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच जारी रखने के संकेत दिए हैं। अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जाएगी।

