रेत के अवैध उत्खनन पर प्रशासन की कार्रवाई, 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक ट्रैक्टर लोडर जब्त
नर्मदापुरम के होरियापीपर, रजौन और अजबगांव में खनिज विभाग एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई। रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली व एक लोडर जब्त।


नर्मदापुरम। जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने इटारसी, माखननगर और सोहागपुर तहसील के तीन गांवों में दबिश देकर अवैध गतिविधियों में लगे चार ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक ट्रैक्टर लोडर जब्त किया है। जब्त वाहनों को संबंधित पुलिस थानों और चौकी की अभिरक्षा में रखा गया है।
प्रशासन के अनुसार, तहसील इटारसी के ग्राम होरियापीपर में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। दोनों वाहनों को पुलिस थाना इटारसी की अभिरक्षा में रखा गया है।
इसी तरह तहसील माखननगर के ग्राम रजौन में रेत का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। इसे पुलिस थाना माखननगर में रखा गया है।
अजबगांव में अवैध उत्खनन करते मिला ट्रैक्टर लोडर
तहसील सोहागपुर के ग्राम अजबगांव में भी प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई की। यहां रेत का अवैध उत्खनन करते हुए एक ट्रैक्टर लोडर जब्त किया गया। जब्त वाहन को पुलिस चौकी सेमरी हरचंद की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी इटारसी नीलेश शर्मा और खनिज अधिकारी दिवेश मरकाम की उपस्थिति में पुलिस बल के सहयोग से की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज के अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

