स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को जुलाई में मिली 10.96 करोड़ रुपए की छूट, 9.26 लाख से अधिक ने लिया टाइम ऑफ डे टैरिफ का लाभ
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 16 जिलों में 9.26 लाख स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं ने TOD टैरिफ का लाभ लिया। जुलाई में 10.96 करोड़ रुपए की छूट मिली।


भोपाल। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के 16 जिलों में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बिजली की खपत का समय बदलकर बिल में बचत करने का लाभ मिल रहा है। जुलाई माह में 9 लाख 26 हजार 737 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं ने टाइम ऑफ डे (TOD) टैरिफ का लाभ उठाया।
कंपनी के अनुसार, सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक के सोलर आवर्स में बिजली का उपयोग करने वाले पात्र उपभोक्ताओं को ऊर्जा प्रभार में 20 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। इसका उद्देश्य बिजली की मांग को संतुलित करने के साथ उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत नियंत्रित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
भोपाल रीजन के 7.59 लाख उपभोक्ताओं को फायदा
जुलाई में भोपाल रीजन के 7 लाख 59 हजार 792 उपभोक्ताओं को टाइम ऑफ डे टैरिफ के तहत कुल 8 करोड़ 39 लाख 90 हजार रुपए की छूट मिली। वहीं, ग्वालियर रीजन में 1 लाख 66 हजार 945 उपभोक्ताओं को 2 करोड़ 56 लाख 53 हजार रुपए की छूट प्रदान की गई।
इस तरह दोनों रीजन के उपभोक्ताओं को जुलाई में कुल करीब 10 करोड़ 96 लाख 43 हजार रुपए की छूट मिली।
बिजली की खपत का समय बदलने से बिल में बचत
टाइम ऑफ डे टैरिफ व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को बिजली का इस्तेमाल ऐसे समय में करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, जब सौर ऊर्जा की उपलब्धता अधिक रहती है। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक के सोलर आवर्स में बिजली का उपयोग करने पर पात्र उपभोक्ताओं को ऊर्जा प्रभार में निर्धारित छूट मिलती है।
कंपनी का कहना है कि उपभोक्ता यदि अपनी बिजली खपत को सोलर आवर्स के अनुरूप नियंत्रित करें, तो उन्हें बिजली बिल में बचत का लाभ मिल सकता है।
1912 पर मिलेगी जानकारी
टाइम ऑफ डे टैरिफ, स्मार्ट मीटर और छूट से संबंधित जानकारी के लिए उपभोक्ता मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।
कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली के उपयोग का समय निर्धारित व्यवस्था के अनुसार करने का प्रयास करें, ताकि उन्हें बिल में बचत के साथ-साथ बिजली की मांग को संतुलित करने में भी सहयोग मिल सके।