त्योहार से पहले मिठाई दुकानों पर कार्रवाई, 31 नमूने जांच के लिए लिए
नर्मदापुरम में त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने सेमरी हरचंद, सोहागपुर और बनखेड़ी की मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। 31 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए।


नर्मदापुरम। त्योहारों के मद्देनजर दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले में विशेष अभियान शुरू किया है। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने सेमरी हरचंद, सोहागपुर और बनखेड़ी क्षेत्र में मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान अलग-अलग मिठाई दुकानों से कुल 31 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इनमें मिठाई, मावा, सोन पापड़ी, रसगुल्ला, बेसन, सोयाबीन तेल और नमकीन सहित अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं।
सेमरी हरचंद में तीन दुकानों से 18 नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारी बी.एस. धाकड़ और कमलेश एस. दियावार ने सेमरी हरचंद एवं सोहागपुर क्षेत्र में मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया।
सेमरी हरचंद स्थित सर्वेश्वर मिष्ठान, बजरंग मिष्ठान और बीकानेर मिष्ठान से संदेह के आधार पर मिठाई, सोन पापड़ी, रसगुल्ला, बेसन, सोयाबीन तेल और नमकीन के कुल 18 नमूने लिए गए।
इन सभी नमूनों को खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
सोहागपुर की दुकानों से 8 नमूने लिए
इसी कार्रवाई के दौरान सोहागपुर स्थित श्री बीकानेर और न्यू बीकानेर से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। यहां से मावा, बर्फी, लड्डू, सोन पापड़ी और रसगुल्ला के कुल 8 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
बनखेड़ी में भी खाद्य विभाग की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की एक अन्य टीम ने बनखेड़ी क्षेत्र में भी मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा ने अग्रवाल स्वीट, श्याम स्वीट और बीकानेर स्वीट से मावा पेड़ा, मावा, कलाकंद, मिल्क केक और बर्फी के कुल 5 नमूने लिए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
ये भी पढ़ें:रक्षाबंधन पर छात्राओं ने कलेक्टर सोमेश मिश्रा को बांधी इको फ्रेंडली राखी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों, विशेषकर दूध, दुग्ध उत्पाद और घी की गुणवत्ता और मिलावट की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा टीमों द्वारा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में मिठाई एवं खाद्य पदार्थों की दुकानों का निरीक्षण किया जाएगा।

