ब्रेकिंग
रविवार, 4 अक्टूबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 20-08-2026

रोजगार मेले में 141 युवाओं का चयन, 265 को मिला करियर मार्गदर्शन

नर्मदापुरम ITI के रोजगार मेले में 300 युवाओं ने पंजीयन कराया। 14 कंपनियों ने 135 युवाओं का चयन किया, 6 को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ और 265 को करियर मार्गदर्शन मिला।

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 20-08-2026
शेयर
रोजगार मेले में 141 युवाओं का चयन, 265 को मिला करियर मार्गदर्शन

नर्मदापुरम। युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन अब कंपनियों की मांग के अनुसार युवाओं को तैयार करेगा। बुधवार को नर्मदापुरम स्थित संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में आयोजित रोजगार एवं स्वरोजगार मेले में पहुंचे कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए यह बात कही।

कलेक्टर ने रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा युवाओं के चयन की प्रक्रिया का जायजा लिया और चयनित युवाओं के साथ-साथ स्वरोजगार योजनाओं से लाभान्वित युवाओं को शुभकामनाएं दीं।

क्वालिफिकेशन और कंपनियों की डिमांड के बीच गैप दूर करने पर जोर

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि कई बार युवाओं की शैक्षणिक योग्यता और कंपनियों की आवश्यकता के बीच अंतर होने के कारण उन्हें रोजगार प्राप्त करने में कठिनाई होती है। वहीं, कुछ अभ्यर्थी इंटरव्यू के दौरान अपनी योग्यता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाते।

उन्होंने कहा कि युवाओं और कंपनियों के बीच मौजूद इस गैप को दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। युवाओं को सीवी बनाने, इंटरव्यू देने और मॉक इंटरव्यू की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि उनका आत्मविश्वास बढ़े और वे रोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकें।

विकासखंड स्तर पर लगाए जाएंगे रजिस्ट्रेशन कैंप

कलेक्टर ने बताया कि जल्द ही जिले में विकासखंड स्तर पर रजिस्ट्रेशन कैंप आयोजित किए जाएंगे। इनमें अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन कराया जाएगा। कंपनियों की जरूरत और युवाओं की स्किल को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जल्द ही जिले में एक वृहद रोजगार मेला भी आयोजित किया जाएगा। प्रयास रहेगा कि रोजगार मेले में चयनित युवाओं को मौके पर ही ऑन द स्पॉट ज्वाइनिंग लेटर मिल सके।

कलेक्टर ने आईटीआई के प्राचार्य को बड़े रोजगार मेले की तैयारियां अभी से शुरू करने के निर्देश दिए।

14 कंपनियों और 5 शासकीय विभागों ने लगाए स्टॉल

आईटीआई में आयोजित रोजगार एवं स्वरोजगार मेले में जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में कुल 300 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया। रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 14 कंपनियों और 5 शासकीय विभागों ने अपने स्टॉल लगाए।

मेले में विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को ऋण और सहायता का लाभ भी दिलाया गया।

14.50 लाख रुपए का ऋण वितरण

स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा 8 लाख रुपए, नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा 2.50 लाख रुपए तथा उद्यानिकी विभाग द्वारा 4 लाख 429 रुपए का ऋण वितरण कराया गया।

इस प्रकार मेले में कुल 14 लाख 50 हजार 429 रुपए की ऋण राशि वितरित की गई।

141 युवाओं को मिला रोजगार और स्वरोजगार का लाभ

रोजगार के क्षेत्र में विभिन्न कंपनियों द्वारा 135 छात्र-छात्राओं का प्राथमिकता स्तर पर चयन किया गया। वहीं, स्वरोजगार योजनाओं के तहत 6 युवाओं को लाभान्वित किया गया।

इस तरह रोजगार एवं स्वरोजगार के माध्यम से कुल 141 युवाओं को लाभ मिला।

265 युवाओं को मिला करियर मार्गदर्शन

मेले के दौरान युवाओं को बेहतर भविष्य के लिए करियर काउंसलिंग भी दी गई। इसमें कुल 265 छात्र-छात्राओं को करियर संबंधी मार्गदर्शन मिला।

विशेषज्ञों ने युवाओं को उनकी योग्यता, रुचि और कौशल के अनुसार रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी।

कलेक्टर ने संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की कंप्यूटर लैब का निरीक्षण कर प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि स्किल डेवलपमेंट के बाद युवाओं के लिए कंपनियों में आगे बढ़ने के अवसर भी बढ़ते हैं। जिला प्रशासन युवाओं को उनकी स्किल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

इस अवसर पर एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह, जीएम डीआईसी नवीन शुक्ला, प्लेसमेंट अधिकारी धर्मेश तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
डाक और पैकेज डिलीवरी
राजनीति
भौगोलिक संदर्भ