Narmadapuram News: त्योहारों से पहले डेयरियों पर खाद्य विभाग की छापेमारी, 5 जगह दूध की जांच
नर्मदापुरम में त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने 5 डेयरियों में दूध की जांच की। एडुल्ट्रेशन किट से माल्टोज डेक्सट्रिन, शुगर, स्टार्च और न्यूट्रलाइजर की जांच की गई।


नर्मदापुरम। त्योहारों के सीजन को देखते हुए नर्मदापुरम जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने सोमवार को शहर की विभिन्न डेयरियों का निरीक्षण कर दूध की गुणवत्ता की जांच की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी भोजराज सिंह धाकड़ और जितेंद्र सिंह राणा की टीम ने नर्मदापुरम की पांच डेयरियों में पहुंचकर दूध के नमूनों की मौके पर ही जांच की।
पांच डेयरियों में पहुंची खाद्य सुरक्षा टीम
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बृंदावन डेयरी, गुबरेले डेयरी, कृष्णा डेयरी, साई डेयरी और नमामी डेयरी में दूध की जांच की।
अधिकारियों ने मौके पर एडुल्ट्रेशन किट के माध्यम से दूध में संभावित मिलावट की जांच की। इसमें माल्टोज डेक्सट्रिन, शुगर, साल्ट, स्टार्च और न्यूट्रलाइजर जैसे पदार्थों की मौजूदगी की जांच की गई।
प्राथमिक जांच में नहीं मिली मिलावट
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार प्राथमिक जांच में जांच किए गए किसी भी डेयरी के दूध में इन पदार्थों की मिलावट नहीं पाई गई।
अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान दूध और उससे बने खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जिले में लगातार जांच की जा रही है।
आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिले में दूध, मावा, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोक लगाना है।
