नर्मदापुरम में पुलिस की कार्रवाई के दौरान भाग रहे व्यक्ति की मौत, गंभीर हृदय रोग से था पीड़ित
नर्मदापुरम के बालागंज क्षेत्र में कथित जुआ फड़ पर पुलिस कार्रवाई के दौरान नसीर की तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हृदय रोग से पीड़ित नसीर की अस्पताल में मौत हो गई।


नर्मदापुरम। शहर के बालागंज क्षेत्र में कथित जुआ फड़ की सूचना पर पुलिस टीम कार्रवाई करने पहुंची। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद लोग भागने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रीराम अग्रवाल के अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान नसीर के रूप में बताई गई है। अस्पताल में डॉ. श्रीराम अग्रवाल ने बताया कि नसीर उनके पुराने मरीज थे और गंभीर हृदय रोग से पीड़ित थे। उनके अनुसार, मरीज का हृदय बहुत कम क्षमता से काम कर रहा था और उनका पहले से उपचार चल रहा था।
गंभीर हृदय रोग से पीड़ित था मृतक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम बालागंज क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित होने की सूचना पर कार्रवाई के लिए पहुंची थी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वे भागने लगे। इसी दौरान नसीर की तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
मृतक के खिलाफ दर्ज अपराधों की भी चर्चा
सूत्रों के अनुसार, मृतक के विरुद्ध कुल 18 आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें 11 मामले जुए से संबंधित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
