दिल्ली में MP भाजपा नेताओं की बढ़ी सक्रियता से सियासत गरम, CM मोहन यादव समेत कई नेताओं की मुलाकातें चर्चा में
मध्यप्रदेश की सियासत में हलचल के बीच CM मोहन यादव समेत कई भाजपा नेताओं की दिल्ली में सक्रियता बढ़ी। अमित शाह, बीएल संतोष और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकातों के बीच मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज।


भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के नेताओं की दिल्ली में लगातार बढ़ रही सक्रियता ने प्रदेश की राजनीतिक हलचल को बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल समेत कई वरिष्ठ नेताओं की केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकातों के बाद प्रदेश की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को इंदौर में सुगम परिवहन सेवा समिट में शामिल होने के बाद सीधे दिल्ली पहुंचे। उनके दिल्ली दौरे के चलते धार का प्रस्तावित दौरा और जनविश्वास अभियान भी रद्द किया गया। दिल्ली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की चर्चा रही।
इसके बाद शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया से सौजन्य भेंट की। दोनों नेताओं के बीच मध्यप्रदेश के विकास, रोजगार सृजन, युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में युवाओं के लिए चलाए जा रहे प्रयासों और रोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी केंद्रीय मंत्री को दी।
गिरिराज सिंह से भी मिले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से भी मुलाकात की। इस दौरान मध्यप्रदेश में वस्त्र एवं टेक्सटाइल क्षेत्र के विस्तार, निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश की संभावनाओं और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। राज्य सरकार की ओर से औद्योगिक निवेश बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।
कई भाजपा नेताओं की दिल्ली में सक्रियता
मुख्यमंत्री मोहन यादव के दिल्ली दौरे के बीच प्रदेश भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं की केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकातों ने भी राजनीतिक चर्चाओं को हवा दी है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दो दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और शिवप्रकाश से मुलाकात की थी। वहीं, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल की भी अमित शाह से मुलाकात हुई।
प्रदेश के अलग-अलग वरिष्ठ नेताओं की दिल्ली में लगातार हो रही इन मुलाकातों को राजनीतिक हलकों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज
इन मुलाकातों के बीच मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर एक बार फिर अटकलें तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से पहले भी मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत दिए जा चुके हैं।
हालांकि, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद ही सामने आएगा। अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा के प्रमुख नेताओं की दिल्ली में सक्रियता को मंत्रिमंडल विस्तार तथा प्रदेश संगठन से जुड़े संभावित आगामी फैसलों से जोड़कर देखा जा रहा है।
संगठन में भी बदलाव को लेकर चर्चा
मध्यप्रदेश भाजपा में संगठनात्मक स्तर पर भी आने वाले समय में कुछ महत्वपूर्ण फैसलों की चर्चा है। प्रदेश अध्यक्ष की केंद्रीय नेताओं से मुलाकात और मुख्यमंत्री समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं की दिल्ली सक्रियता के कारण संगठन और सरकार से जुड़े संभावित निर्णयों पर राजनीतिक नजरें टिक गई हैं।
हालांकि, इन मुलाकातों के आधिकारिक कारण अलग-अलग बताए गए हैं। मुख्यमंत्री की केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात मुख्य रूप से विकास, निवेश, रोजगार और युवाओं से जुड़े विषयों पर केंद्रित रही। इसलिए दिल्ली में हो रही राजनीतिक गतिविधियों को लेकर सामने आ रही चर्चाओं और अटकलों की पुष्टि आधिकारिक फैसले के बाद ही होगी।
फिलहाल दिल्ली में मध्यप्रदेश भाजपा के नेताओं की बढ़ती सक्रियता ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल जरूर पैदा कर दी है। अब नजर इस बात पर है कि केंद्रीय नेतृत्व के साथ इन बैठकों के बाद सरकार और संगठन से जुड़े कौन से फैसले सामने आते हैं।

