राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में समेरिटन्स स्कूल के दिव्यांश ने जीता रजत पदक, माखन नगर का बढ़ाया मान
समेरिटन्स स्कूल माखन नगर के कक्षा 10वीं के छात्र दिव्यांश निमोदा ने भोपाल में आयोजित 7वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता 2026 में रजत पदक जीतकर क्षेत्र का मान बढ़ाया।


माखन नगर। खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा और मेहनत का प्रदर्शन करते हुए समेरिटन्स स्कूल माखन नगर के कक्षा 10वीं के छात्र दिव्यांश निमोदा ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दिव्यांश ने भोपाल में आयोजित 7वीं जूनियर राष्ट्रीय स्तर कबड्डी प्रतियोगिता 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
एलएनसीटी (LNCT) यूनिवर्सिटी भोपाल में 18 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में दिव्यांश ने अपनी खेल प्रतिभा, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर रजत पदक हासिल कर विद्यालय सहित माखन नगर क्षेत्र को गौरवान्वित किया।
दिव्यांश की इस उपलब्धि पर समेरिटन्स स्कूल के डायरेक्टर डॉ. आशुतोष कुमार शर्मा, प्राचार्य जागृति सिंह एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दिव्यांश की इस सफलता को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी उपलब्धि से अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की प्रेरणा मिलेगी।
