कर्मचारियों की जान से खिलवाड़? बिना दस्तावेज दौड़ रही बस जब्त
नर्मदापुरम के मुहासा औद्योगिक क्षेत्र में कर्मचारियों को ले जा रही बिना पंजीयन बस MP 04 WN 5723 को आरटीओ फ्लाइंग स्क्वायड ने जब्त किया।


नर्मदापुरम। मुहासा औद्योगिक क्षेत्र में कंपनी कर्मचारियों को लाने-ले जाने के लिए संचालित एक बस के बिना वैधानिक दस्तावेजों के चलने का मामला सामने आया है। आरटीओ फ्लाइंग स्क्वायड ने शनिवार सुबह बस क्रमांक MP 04 WN 5723 को सदर बाजार चौराहे के पास रोककर जांच की। जांच में बस के पास पंजीयन सहित कोई भी वैधानिक दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद परिवहन विभाग की टीम ने बस को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, यह बस नर्मदापुरम से मुहासा औद्योगिक क्षेत्र की ओर कंपनी कर्मचारियों को ड्यूटी पर ले जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस पिछले तीन-चार दिनों से बिना पंजीयन के ही कर्मचारियों के परिवहन में लगी हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस मुहासा स्थित INA सोलर कंपनी केकर्मचारियों को लाने-ले जाने के लिए संचालित की जा रही थी।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन और परिवहन विभाग ने इसे गंभीरता से लिया। आरटीओ फ्लाइंग स्क्वायड ने मौके पर ही बस के दस्तावेजों की जांच की, जिसमें कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाया गया।
हादसा होता तो जिम्मेदारी किसकी होती?
इस मामले ने कर्मचारियों की सुरक्षा और औद्योगिक इकाइयों में परिवहन व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि बिना पंजीयन और वैधानिक दस्तावेजों के चल रही इस बस से कोई दुर्घटना हो जाती, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती? कंपनी प्रबंधन, बस संचालक या परिवहन व्यवस्था की निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की? यह बड़ा सवाल है।
कंपनी कर्मचारियों की रोजाना आवाजाही के लिए इस्तेमाल होने वाले वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से पहले सुरक्षा के इंतजाम किए जा सकें।
आरटीओ ने कही कार्रवाई की बात
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रमोद कापसे ने बताया कि बस कर्मचारियों को बिना किसी दस्तावेज के लेकर जा रही थी। फ्लाइंग स्क्वायड द्वारा बस को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई, लेकिन जांच के दौरान कोई भी वैधानिक दस्तावेज नहीं मिले। बस बिना पंजीयन के संचालित हो रही थी। इसे जब्त कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अब देखना होगा कि परिवहन विभाग की कार्रवाई केवल बस जब्ती तक सीमित रहती है या औद्योगिक क्षेत्र में कर्मचारियों के परिवहन में लगे अन्य वाहनों की भी जांच की जाती है।
