इंदौर में संपत्ति के लालच में पिता-बेटी की हत्या का आरोप, नाबालिग बेटे ने दोस्त के साथ मिलकर रची साजिश; एक आरोपी गिरफ्तार
इंदौर के एरोड्रम क्षेत्र में संपत्ति विवाद में पिता और बेटी की हत्या का सनसनीखेज मामला। नाबालिग बेटे पर आरोप, दोस्त गिरफ्तार। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी।


इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में संपत्ति के लालच में रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बेटे पर अपने ही पिता और बहन की हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि इस वारदात में उसके एक दोस्त ने भी साथ दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे का साथ देने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में नाबालिग की भूमिका की जांच की जा रही है।
युवती के कमरे में मिला था शव, पहले आत्महत्या का जताया गया संदेह
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को एरोड्रम पुलिस को एक युवती का शव उसके बेडरूम में पड़े होने की सूचना मिली थी। युवती के गले में दुपट्टा कसा हुआ था। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने युवती के पिता और भाई के संबंध में जानकारी जुटाई, लेकिन दोनों घर पर नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच शुरू की। देर रात जांच टीम को पता चला कि युवती के पिता का शव हातोद क्षेत्र में एक नाले के पास मिला है। उनके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। इसके बाद पुलिस ने जांच की दिशा बदलते हुए युवती के भाई की तलाश शुरू की।
बहन के पास थे मकान के दस्तावेज, इसी बात से नाराज था आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, पिता ने तंबोली बाखल क्षेत्र में एक मकान का सौदा किया था और उसका बयाना भी प्राप्त कर लिया था। मकान से संबंधित संपत्ति के दस्तावेज युवती के पास रखे हुए थे।
बताया जा रहा है कि आरोपी बेटा पिता से संपत्ति के दस्तावेज हासिल करना चाहता था, लेकिन पिता को उस पर भरोसा नहीं था। इसी कारण उन्होंने दस्तावेज अपनी बेटी के पास रख दिए थे। इस बात को लेकर बेटा नाराज रहता था।
पहले बहन की हत्या, फिर पिता को बनाया निशाना
जांच में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, आरोपी पहले अपनी बहन के पास पहुंचा और कथित तौर पर दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद वह वहां से चला गया। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती का शव बरामद किया।
इसके बाद पिता की तलाश के दौरान उनका शव हातोद क्षेत्र में नाले के पास मिला। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद उनके हाथ का पंजा भी काटा गया था। इस घटनाक्रम ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, दोस्त गिरफ्तार
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे का साथ देने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। मामले में नाबालिग बेटे की भूमिका और पूरी साजिश को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, परिवार में मां का करीब तीन साल पहले निधन हो चुका था। मकान बेचने के बाद पिता और बेटी कालानी नगर क्षेत्र में किराए के मकान में साथ रह रहे थे, जबकि नाबालिग बेटा परिवार से अलग रहता था।
