कोरोना काल में जान जोखिम में डालकर की सेवा, अब नौकरी के लिए भटक रहे 4 हजार स्वास्थ्यकर्मी
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखा पत्र, कोविड कर्मचारियों को सरकारी अस्पतालों में समायोजित करने की मांग


भोपाल। कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की सेवा करने वाले मध्य प्रदेश के करीब 4 हजार स्वास्थ्यकर्मियों की नौकरी का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। महामारी के कठिन दौर में दिन-रात अस्पतालों में सेवाएं देने वाले ये कर्मचारी अब अपने रोजगार और भविष्य को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इस मामले में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर कोविड काल में सेवाएं देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को दोबारा नौकरी देने और सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में समायोजित करने की मांग की है।
उमंग सिंघार ने सरकार से सवाल किया है कि जब प्रदेश के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थाओं में डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन सहित विभिन्न संवर्गों के हजारों पद रिक्त हैं, तो कोरोना काल में काम कर चुके अनुभवी स्वास्थ्यकर्मियों को रोजगार देने में क्या परेशानी है? उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों के अनुभव और सेवाओं का उपयोग प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में किया जा सकता है।
दो साल तक महामारी के बीच संभाली स्वास्थ्य सेवाएं
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि कोरोना महामारी के दौरान डॉक्टर, आयुष चिकित्सक, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने करीब दो वर्षों तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं दी थीं।
उस कठिन समय में संक्रमण का खतरा होने के बावजूद इन कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना कोरोना मरीजों की देखभाल की और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालांकि, महामारी का दौर समाप्त होने के बाद इन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
अब करीब 4 हजार स्वास्थ्यकर्मी रोजगार और भविष्य की मांग को लेकर कई दिनों से भोपाल में प्रदर्शन कर रहे हैं।
अस्पतालों में हजारों पद खाली, फिर भी अनुभवी कर्मचारी बेरोजगार
सिंघार ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में खाली पड़े पदों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि एक तरफ सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन सहित कई संवर्गों के हजारों पद रिक्त हैं, वहीं दूसरी तरफ कोविड महामारी के दौरान सेवाएं दे चुके प्रशिक्षित और अनुभवी कर्मचारी रोजगार के लिए आंदोलन करने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार को इस स्थिति पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। कोविड काल में काम करने वाले कर्मचारियों की योग्यता, प्रशिक्षण और अनुभव को देखते हुए उनके समायोजन और पुनर्नियोजन के लिए स्पष्ट नीति बनाई जानी चाहिए।
पात्र कर्मचारियों को दोबारा रोजगार देने की मांग
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि कोरोना महामारी के दौरान सेवाएं देने वाले पात्र स्वास्थ्यकर्मियों को उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर दोबारा रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जल्द ठोस निर्णय लिया जाए। इससे लंबे समय से नौकरी की मांग कर रहे कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिल सकेगी।
सिंघार ने कहा कि जिस समय प्रदेश को इन स्वास्थ्यकर्मियों की सबसे ज्यादा जरूरत थी, उस समय उन्होंने आगे आकर जनता की सेवा की थी। ऐसे में उनके भविष्य की जिम्मेदारी से सरकार पीछे नहीं हट सकती।
उन्होंने मुख्यमंत्री से कर्मचारियों के साथ न्याय करते हुए उनके पुनर्नियोजन और सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में समायोजन का रास्ता तत्काल निकालने की अपील की है। अब इस मामले में सरकार के अगले कदम पर इन हजारों स्वास्थ्यकर्मियों और उनके परिवारों की नजरें टिकी हैं।
