स्वामित्व योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए दो पटवारी सम्मानित, कलेक्टर और विधायक ने किया सम्मान
स्वामित्व योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए केसला पटवारी अभिषेक उइके और मोरपानी पटवारी धर्मेंद्र मेहरा को कलेक्टर आशीष वशिष्ठ और विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने सम्मानित किया।


केसला। स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं राजस्व कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए केसला तहसील के दो पटवारियों को जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में केसला पटवारी अभिषेक उइके एवं मोरपानी पटवारी धर्मेंद्र मेहरा शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, केसला में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्वामित्व योजना के अंतर्गत सराहनीय कार्य करने और अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन करने के लिए दोनों पटवारियों को सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर आशीष वशिष्ठ (IAS) एवं विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने दोनों को सम्मानित किया।
स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि का सर्वेक्षण कर पात्र भू-स्वामियों को अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराने का कार्य किया जाता है। इस योजना के क्रियान्वयन में राजस्व विभाग के मैदानी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
केसला पटवारी अभिषेक उइके और मोरपानी पटवारी धर्मेंद्र मेहरा को मिला यह सम्मान उनकी मेहनत, लगन, कर्तव्यनिष्ठा और राजस्व कार्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक है। दोनों पटवारियों की इस उपलब्धि पर राजस्व विभाग के कर्मचारियों एवं परिचितों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

