इंदौर भाजपा में अभी से शुरू हुई गुटबाजी की नई पटकथा, 2028 के टिकट की दौड़ में नेताओं ने बढ़ाई CM मोहन यादव से नजदीकी
इंदौर भाजपा में 2028 विधानसभा चुनाव से पहले गुटीय समीकरण बदलने लगे हैं। कैलाश विजयवर्गीय, नरेंद्र सिंह तोमर और CM मोहन यादव के बीच नेताओं की बढ़ती नजदीकी चर्चा में।


इंदौर। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव भले ही 2028 में होने हैं, लेकिन इंदौर भाजपा में अभी से राजनीतिक समीकरण बदलने लगे हैं। पार्टी के भीतर अलग-अलग गुटों की सक्रियता बढ़ रही है और टिकट की दावेदारी को लेकर नेताओं ने अपनी राजनीतिक बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। कुछ नेता पुराने राजनीतिक समीकरणों से बाहर निकलकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के करीब पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं। ऐसे में इंदौर भाजपा की अंदरूनी राजनीति में आने वाले दिनों में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।
तोमर गुट के नेताओं की CM से बढ़ती नजदीकी
इंदौर की राजनीति में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का गुट भी प्रभावशाली माना जाता है। इस गुट से दो विधायक और कई स्थानीय नेता जुड़े हुए हैं। हालांकि, अब इस गुट के कुछ नेताओं की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी नजदीकियां बढ़ती दिखाई दे रही हैं।
विधानसभा चुनाव में टिकट की उम्मीद लगाए बैठे युवा नेताओं में गौरव रणदिवे और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नाम भी चर्चा में हैं। दोनों नेताओं ने बीते कुछ समय में मुख्यमंत्री से अपनी नजदीकी बढ़ाई है। टिकट के दावेदारों को यह अहसास है कि विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन में भोपाल और प्रदेश नेतृत्व की भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है।
पिछले दिनों सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के साथ इंदौर के कुछ नेताओं की मुलाकात की तस्वीर भी राजनीतिक चर्चा का विषय बनी थी। इस तस्वीर में विधायक मालिनी गौड़, गौरव रणदिवे, मनोज पटेल, एकलव्य गौड़ और सावन सोनकर नजर आए थे। मालिनी गौड़ और मनोज पटेल को नरेंद्र सिंह तोमर समर्थक माना जाता है। इस मुलाकात को इंदौर भाजपा के बदलते राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।
लालवानी, वर्मा और सिलावट की राजनीति अलग
इंदौर भाजपा में कुछ ऐसे नेता भी हैं जो स्थानीय गुटबाजी से दूरी बनाए रखते हैं। सांसद शंकर लालवानी, तुलसी सिलावट, महेंद्र हार्डिया और मधु वर्मा को ऐसे नेताओं में गिना जाता है, जो किसी एक गुट के साथ खुलकर खड़े नजर नहीं आते। उनकी राजनीति का तरीका न किसी से ज्यादा नजदीकी और न किसी से टकराव वाला माना जाता है।
विजयवर्गीय गुट की पकड़ में बदलाव के संकेत
इंदौर की राजनीति में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का गुट लंबे समय तक सबसे मजबूत माना जाता रहा है। इस गुट से विधायक रमेश मेंदोला, जीतू जिराती और गोलू शुक्ला जुड़े बताए जाते हैं। हालांकि, मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में इस गुट की सक्रियता और प्रभाव को लेकर नए सवाल उठ रहे हैं।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव पहले कैलाश विजयवर्गीय के करीबी माने जाते थे, लेकिन अब दोनों के बीच पहले जैसी नजदीकी नहीं दिखाई देने की चर्चा है। विजयवर्गीय की बैठकों में उनकी अनुपस्थिति को लेकर एक बार मुख्यमंत्री के सामने मंच से भी तंज कसा गया था।
इसी तरह गौरव रणदिवे भी पहले विजयवर्गीय के करीबी माने जाते थे, लेकिन भाजपा नगर अध्यक्ष बनने के बाद दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक दूरी बढ़ने की चर्चा रही है।
संगठन में नई जिम्मेदारियों से भी बदल सकते हैं समीकरण
विजयवर्गीय गुट से जुड़े माने जाने वाले दीपक जैन टीनू को भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संगठन में जिम्मेदारी दी है। इसे संगठन के भीतर अलग-अलग नेताओं की भूमिका और प्रभाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
2028 के टिकट की तैयारी अभी से
इंदौर भाजपा की राजनीति में इन बदलते समीकरणों के पीछे 2028 का विधानसभा चुनाव एक बड़ी वजह माना जा रहा है। टिकट के दावेदार अभी से संगठन, सरकार और प्रदेश नेतृत्व के बीच अपनी राजनीतिक पहुंच मजबूत करने में जुटे हैं। पुराने गुटों के बीच नए तालमेल और नेताओं की बदलती नजदीकियां आने वाले समय में इंदौर भाजपा की राजनीति को नया मोड़ दे सकती हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट है कि विधानसभा चुनाव में अभी समय बाकी है, लेकिन इंदौर में टिकट की राजनीतिक तैयारी शुरू हो चुकी है। आने वाले महीनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन नेता पुराने गुट के साथ बना रहता है और कौन अपनी नई राजनीतिक राह तैयार करता है।

