सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस
माखन नगर महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस मनाया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।


माखन नगर। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत शासन के निर्देशानुसार महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) का स्थापना दिवस उत्साह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-1 एवं इकाई-2 के स्वयंसेवकों ने परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया। मैदान में झंडे, चूने से लाइनिंग, सेल्फी प्वाइंट, रंगोली, एनएसएस बैज की चित्रकारी और रिबन से की गई सजावट कार्यक्रम का आकर्षण रही।
कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष विजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं अनुराग दीवान और राष्ट्रीय सेवा योजना के मुख्य परामर्शदाता मनीष चतुर्वेदी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा आदेश शर्मा, प्रशांत सोनी, हर्ष तिवारी, कैलाश भगौरिया, मृदुल नाथ चौहान, संगठन मंत्री एबीवीपी, तथा यशवंत दुबे सहित अन्य आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति रही।

ध्वजारोहण और वंदे मातरम् से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना के ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद वंदे मातरम् और एनएसएस का लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया गया। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर मां सरस्वती की वंदना की गई, जिसे वैशाली यादव ने प्रस्तुत किया।
आगंतुक अतिथियों का स्वागत एनएसएस बैज और तिलक लगाकर किया गया। स्वागत गीत दीप्ति पाल ने प्रस्तुत किया। इसके बाद महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे ने स्वागत उद्बोधन दिया।
स्वयंसेवकों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ी गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी स्वयंसेवक सपना यादव ने प्रस्तुत की। इस दौरान छात्र कपिल, मधुसूदन, मंजीत और चांदनी ने एनएसएस के साथ अपने अनुभव साझा किए।
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आशीर्वचन दिए। वहीं मनीष चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। अनुराग दीवान ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा और व्यक्तित्व विकास के महत्व को समझाया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्थापना दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसमें गणेश वंदना, आदिवासी सामूहिक नृत्य, एकल नृत्य, आवाहन गीत, भजन और गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम कुठरिया में नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए।
स्वयंसेवकों को वितरित किए गए प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को 'सी' प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र मिलने पर स्वयंसेवकों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान और डॉ. कविता दुबे द्वारा किया गया।
आयोजन में सहयोगी के रूप में डॉ. डी.एस. खत्री, डॉ. आई.एस. कनेश और प्रो. अजय मेहरा उपस्थित रहे। वहीं डॉ. मनीष शर्मा, सुश्री श्रुतिका कांसकार, सुश्री शीतल वर्मा और डॉ. संगीता मिश्रा का विशेष योगदान रहा। अशोक मेहरा और जितेंद्र अहिरवार ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का मंच संचालन छात्रा शानू चौहान ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन छात्र पवन प्रजापति ने किया। अंत में राष्ट्रगान 'जन गण मन' के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
